लखनऊ। सड़क पर खड़ी कारों के शीशे तोड़कर उनमें रखा कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह के पांच बदमाशों को कैसरबाग पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी तमिलनाडु के रहने वाले हैं। इनके पास से लैपटॉप, दो डायरी और नकदी बरामद हुई है।
इंस्पेक्टर अंजनी मिश्र ने बताया कि आईआईएम रोड निवासी अनुराग सक्सेना ने 25 सितंबर को कार से दो डायरी, कैटलॉग, लैपटॉप व नकदी चोरी होने का केस दर्ज कराया था। सीसीटीवी व अन्य तकनीक की मदद से तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली निवासी रंगनाथम सी, सत्यराज टी, पुडुचेरी के अलियास लिंगरामन, तिरुचिरापल्ली के अब्दुल हसन व इलंगेश्वरन को पकड़ा गया। इनके खिलाफ दिल्ली व अन्य राज्यों में चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे हैं।
दस का नोट गिराकर देते थे लालच
इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी लखनऊ व अन्य शहरों में घूम-घूमकर वारदात करते थे। रंगनाथम, सत्यराज और अब्दुल सड़क पर दस रुपये का नोट गिराकर कार में बैठे लोगों को लालच देते थे। फिर अलियास कार सवारों को बातों में उलझाता था। इस बीच अब्दुल कार में रखा कीमती सामान पार कर देता था। कार में कोई नहीं होता था तो इलंगेश्वरन रबर बैंड व छरों से शीशा तोड़कर अंदर रखा सामान चोरी कर लेता था। आरोपी वारदात के बाद तमिलनाडु भाग जाते थे। फिर कुछ दिन बाद दूसरे राज्य चोरी करने चले जाते थे।