बछरावां (रायबरेली)। लखनऊ-रायबरेली रेलखंड के बछरावां रेलवे स्टेशन के निकट लालगंज रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बृहस्पतिवार सुबह फंस गया। इससे करीब डेढ़ घंटे तक फाटक बंद रहा। दोनों तरफ सड़क पर जाम लग गया। करीब एक किमी. लंबी वाहनों की लाइन लगी रही।
सुबह ट्रेन को पास कराने के लिए क्रॉसिंग बंद की गई, लेकिन ट्रेन पास होने के बाद क्रॉसिंग खोलने का प्रयास किया गया तो एक फाटक नहीं खुला। काफी प्रयास के बाद भी कोई सफलता नहीं मिली तो अभियंताओं की टीम बुलाई गई। करीब डेढ़ घंटे बाद फाटक खुला। फाटक बंद रहने से आवागमन ठप रहा है। क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।
फाटक खुलने के बाद आवागमन बहाल हुआ, लेकिन वाहनों को निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जाम में फंसे अंकित, सोनू, कल्लू, राजू ने बताया कि आए दिन कोई न कोई खराबी से क्रॉसिंग बंद रहती है, जिससे जाम लगता है। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि क्रॉसिंग का एक इलेक्ट्रॉनिक फाटक फंस गया था। अभियंताओं की टीम भेजी गई तो फंसे फाटक को हटाकर क्रॉसिंग खोली गई।