मोबाइल पर शादी का कार्ड आए तो ये गलती न करें। वर्ना आपका खाता खाली हो सकता है। साइबर ठग इस तरह भी लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। आगे पढ़ें और जानें एक्सपर्ट की सलाह...
राजधानी लखनऊ में सोमवार को साइबर अपराधों से बचने के लिए जानकारी दी गई। साइबर एक्सपर्ट एवं मीडिया सेल में तैनात दरोगा राम रक्षा सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया। उन्होंने ठगों के इस तरह के पैतरों से बचने की जानकारी दी है। कहा कि अगर आपके व्हाट्सएप पर किसी अनजान नंबर से शादी के कार्ड आ रहे हैं तो सतर्क हो जाएं। क्योंकि इन्हें खोलते ही ठग आपका खाता खाली कर देंगे।
विज्ञापन
दरोगा के मुताबिक ठग आपके व्हाट्सएप नंबर और फेसबुक पर एप व लिंक की पीडीएफ फाइल शादी के कार्ड में बदलकर भेज रहे हैं। कार्ड पर दिए गए लिंक को खोलते ही ठगों को आपके मोबाइल का एक्सेस मिल जाता है। फिर वे खाते की रकम पार कर दे रहे हैं। इस तरह की घटनाएं राजस्थान, मुंबई और मध्यप्रदेश से सामने आ रही हैं। साइबर क्राइम सेल लिंक के डिटेल के बारे में जानकारी कर रही है।
ठगी का शिकार होने से खुद को ऐसे बचाएं-
व्हाट्सएप के जरिए आई किसी भी एपीके फाइल को डाउनलोड न करें जब तक वह आपके परिचित और भरोसे के व्यक्ति ने न भेजी हो।
कार्ड भेजने वाले का नंबर देखें कि वह +91 से शुरू हो रहा है या नहीं।
भेजी गई फाइल में अगर APK, PIF, VBS हो तो उसे कतई न खोलें।
यहां करें शिकायत-
पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर।
साइबर क्राइम सेल हजरतगंज कोतवाली अथवा साइबर थाना विभूतिखंड में।