निगोहां में रविवार दोपहर सड़क पार करते वक्त तेज रफ्तार कार ने महिला को रौंद दिया।
पुलिस के अस्पताल पहुंचाने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। परिवार के लोगों ने पुलिस की लापरवाही से मौत का आरोप लगाया है।
पुलिस के मुताबिक, निगोहां के हरिवंश खेड़ा निवासी रिटायर्ड पुलिसकर्मी रामजीत सिंह की पत्नी उर्मिला (55) दोपहर तीन बजे फोटो कॉपी कराने निकली थीं।
वापसी में सड़क पार करते समय रायबरेली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देने के साथ एंबुलेंस सेवा 108 पर फोन किया।
एक घंटे तक घायल एंबुलेंस के इंतजार में सड़क पर पड़ी तड़पती रही और पुलिस तमाशबीन बनी खड़ी रही।
आखिरकार टैंपो से महिला को पास के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन तब तक महिला दम तोड़ चुकी थी। इस दौरान परिवार के लोग भी पहुंच गए।
मृतक महिला के घरवालों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय से अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो शायद जान बच जाती।
घरवालों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।