सआदतगंज के जमाई टोला में एक गर्भवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति के मुताबिक मंगलवार रात घूमने गए थे।
घर लौटते ही पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर ट्रॉमा सेंटर ले गया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं, मृतका के भाई ने जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है।
भाई का कहना है कि बेटी होने के बाद से ही उसकी बहन को तलाक देने की बात कहकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
जमाई टोला निवासी शानू आरी जरदोजी का काम करता है। चार साल पहले उसकी शादी काकोरी निवासी वशीर की बेटी यास्मीन (22) हुई थी। उनके एक दो वर्षीय बेटी जोया है।
शानू के मुताबिक मंगलवार रात को पत्नी यास्मीन व बच्ची के साथ घूमने गया था। बाहर ही खाने के बाद घर लौटते ही यास्मीन की तबीयत खराब हो गई।
हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर ले गया। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं, यास्मीन के भाई जमीर ने जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या का आरोप लगाया है।
जमीर का कहना है कि पड़ोसियों से यास्मीन की तबियत खराब होने की सूचना पर जब उसके घर पहुंचे तो अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं।
इस पर पुलिस को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जमीर के मुताबिक यास्मीन का शरीर नीला पड़ चुका था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था।
साथ ही आरोप लगाया कि पहली बेटी के जन्म के बाद से ही शानू उसकी बहन को प्रताड़ित करने लगा था। आए दिन तलाक देने की धमकी देता था।
पुलिस का कहना है मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।