फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

100 रूपये में बेच दी 17 लाख की रोलेक्स घड़ी

Fri, 06 Jun 2014 10:33 AM IST
विवेक त्रिपाठी/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
गोमतीनगर जैसे पॉश इलाके के मकानों में मौका पाकर कीमती सामान उड़ाने वाले बच्चों ने साढ़े सत्रह लाख रुपये की रोलेक्स घड़ी एक पान वाले को मात्र 100 रुपये में बेच दी।
विज्ञापन


इतना ही नहीं करीब 12 लाख रुपये की एक राडो घड़ी कबाड़ी को बेचने के लिए तोड़ डाली। पुलिस ने जब नाबालिग चोरों को दबोचा,तब इन चौंकाने वाली बातों का पता चला।

नाबालिग चोरों की निशानदेही पर लाखों रुपये का माल बरामद करने के साथ ही पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले पनवाड़ी को भी गिरफ्तार किया है।

गोमतीनगर थाना के दरोगा अनिल कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर नेहरू एन्क्लेव में रहने वालों ने, विजय सिंह के एसी का तार काटते हुए दो बच्चों को पकड़ा था।
विज्ञापन


सूचना पाकर पहुंचे दरोगा ने बच्चों से पूछताछ की। बच्चों ने जो बताया उसे सुनकर सबके होश उड़ गए।

दरोगा ने बताया कि बड़ी जुगौली इलाके के चार-पांच बच्चे आसपास के इलाके में घूमकर बंद मकान को निशाना बनाते थे।

किसी की उम्र दस साल है तो किसी की 12 से 15 साल। बाथरूम फिटिंग्स, नलों की टोटियां और तांबे व एल्यूमीनियम के तार काटकर किसी कबाड़ी को बेच देते थे।

छोटी-मोटी चोरी करते हुए गैंग के सदस्य कई बार रंगे हाथों पकड़े भी गए, लेकिन पुलिस ने डांट-डपटकर चेतावनी देते हुए छोड़ दिया।

दरोगा अनिल कुमार ने बताया कि पूछताछ में बच्चों ने 18 मई को कांग्रेसी नेता बलिया निवासी पियूष मिश्रा के नेहरू एन्क्लेव स्थित खाली पड़े फ्लैट नंबर पी-74 में चोरी करने की बात कुबूली।

नाबालिग चोरों ने बताया कि खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और घड़ी, कैमरे, विदेशी मुद्रा, सोने की चेन व कई अंगूठियां बटोर ले गए थे।

सारा सामान औने-पौने दामों में सर्राफ, कबाड़ी व अन्य दुकानदारों को बेच दिया। पकड़े गए नाबालिग चोरों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बड़ी जुगौली निवासी रवि यादव को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार पान की गुमटी लगाने वाले रवि के पास से कांग्रेसी नेता के घर से चुराई गई साढ़े सत्रह लाख रुपये कीमत की रोलैक्स की घड़ी मिली है। घड़ी रवि ने नाबालिग चोरों से मात्र 100 रुपये में खरीदी थी।
विज्ञापन


पकड़े गए नाबालिग चोरों के पास से महंगी घड़ियों के अलावा निकॉन का एक कैमरा, विभिन्न देशों की करेंसी, 23 पुराने सिक्के और एक अंगूठी भी बरामद हुई।

फिलहाल पुलिस ने दोनों नाबालिग चोरों को बाल सुधार गृह भेज दिया है। नाबालिग चोरों ने कुछ चेन व अंगूठियां निशातगंज के एक सर्राफ को बेची थीं।

पुलिस उससे भी चोरी का माल खरीदने के बाबत पूछताछ कर रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें