खाकी की धौंस दिखाते हुए भूमि पर कब्जे के विवाद में एक सिपाही ने दिनदहाड़े गोली मरवा देने की धमकी दे डाली। सिपाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
बताते हैं कि सुबेहा के इस मामले में पुलिस विभाग में तैनात सिपाही व सपा नेता के बंटाईदारों में विवाद हो गया था। जिसके बाद सिपाही के परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने सपा नेता के पिता व दो भाइयों के विरुद्ध लाइसेंसी बंदूक से फायर कर जान से मारने के प्रयास व धमकाने आदि की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
सुबेहा नगर पंचायत के मोहल्ला कछवा निवासी चाचा-भतीजे राम जतन व मंसाराम पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर अलग-अलग जिलों में तैनात हैं। शुक्रवार शाम दो पक्षों में विवाद पर जमकर गालीगलौज हुआ।
मामले में सिपाही राम जतन की पत्नी किरन की तहरीर पर पुलिस ने सपा नेता व चेयरमैन प्रतिनिधि चौधरी अदनान के पिता अब्दुल रहमान व दो भाई चौधरी हुमायूं व चौधरी जैद के विरुद्ध मारपीट व जानलेवा हमले समेत लाइसेंसी बंदूक से फायर कर जान से मारने की कोशिश करने का मुकदमा दर्ज किया है।
दूसरी ओर चौधरी अदनान का कहना है कि, बाग व खेत पहले से उनके कब्जे में हैं तथा गांव के लोगों को बंटाई पर दे रखा है। सिपाही चाचा-भतीजे वर्दी में जाकर ट्रैक्टर चालक बिंदू व काम कर रही महिलाओं को धमका रहे थे।
अदनान का कहना है कि, सिपाही का धमकी देने का वीडियो बना लेने पर भी थाने में शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई। जबकि उन्हें परेशान करने की नियत से झूठी रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इस वीडियो में लखनऊ में तैनात बताया जा रहा सिपाही राम जतन पुलिस वर्दी में धमका रहा है। वह कह रहा है कि, एक मिनट में दिनदहाड़े गोली मरवा दूंगा। ये वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
अदनान का कहना है कि, भूमि विवाद का मुकदमा दो वर्ष पहले जीतने के बाद खतौनी पर अब्दुल रहमान का नाम दर्ज है तथा डीएम ने यथास्थित के आदेश दे रखे हैं। उन्होंने बताया कि, पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर पूरी घटना की जानकारी दे दी है।
इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि, महिला की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर निष्पक्ष तरीके कार्रवाई की जाएगी।