राजधानी का चौक इलाका बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े हुई दो हत्याओं से दहल उठा। बाइक से आए दो नकाबपोश बदमाशों ने लाजपतनगर कॉलोनी स्थित अमित क्राकरी स्टोर के मालिक अमित दुलानी उर्फ बब्बू (30) और उसके नौकर दशरथ (19) की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। इसके बाद अमित की सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।
दोपहर एक बजे के आस-पास हुई इस दुस्साहसिक वारदात से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने पहुंचकर छानबीन की। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वॉयड ने भी साक्ष्य जुटाए।
मौके पर नाइन एमएम के तीन खोखे और दो बुलेट मिले हैं। हालांकि हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। चश्मदीद अमित की मां ऊषा और दूसरे नौकर आनंद समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
अमित का क्राकरी स्टोर मकान संख्या ए 2/1 के ग्राउंड फ्लोर पर है। वे इसी मकान के ऊपरी हिस्से में परिवार समेत रहते थे। दोपहर में अमित, उनके पिता श्रीचंद्र, मां ऊषा, नौकर दशरथ और आनंद दुकान पर थे। करीब एक बजे श्रीचंद्र खाना खाने ऊपर चले गए। इस बीच, मुंह पर कपड़ा बांधे दो बदमाश दुकान में घुस आए। इनमें से एक बदमाश ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
मौके पर ही दम तोड़ दिया
अमित के सीने पर एक गोली लगी जबकि दशरथ के पेट व गर्दन पर दो गोलियां लगीं। दोनों ने मौके पर हम दम तोड़ दिया। इसके बाद बदमाश अमित की चेन लूटकर फरार हो गए। गोली की आवाज और ऊषा की चीख सुनकर श्रीचंद्र और अमित की पत्नी मुस्कान भागते हुए दुकान में आ गए। कॉलोनी के लोग भी दौड़े। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर एसएसपी के साथ डीआईजी आरके चतुर्वेदी, एएसपी क्राइम दिनेश कुमार सिंह, एएसपी पश्चिम अजय कुमार मिश्रा, सीओ चौक सर्वेश कुमार मिश्रा, एसडीएम सुधीर कुमार रुंगटा सहित कई थानों की फोर्स मौके पर आ गई। फिंगर प्रिंट और डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। चश्मदीद ऊषा और आनंद सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
आखिर क्या था बदमाशों का इरादा
मां ने कहा- चेन लूटने आए थे
वारदात के समय दुकान में मौजूद अमित की मां ऊषा के मुताबिक बदमाश चेन लूटने आए थे। जब अमित ने विरोध किया तो उसकी हत्या कर दी।
एसएसपी बोले- हत्या ही था मकसद
एसएसपी प्रवीण कुमार की मानें तो बदमाश हत्या के इरादे से ही आए थे। हालांकि पुलिस रंजिश और लेन-देन सहित अन्य बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।
लेकिन उठ रहे ये सवाल
अगर बदमाश लूट के इरादे से आए थे सिर्फ चेन ही क्यों ले गए? अगर बदमाश सिर्फ अमित को मारने आए थे तो दशरथ को दो गोलियां क्यों मारीं? कहीं बदमाश दशरथ को निशाना बनाने तो नहीं आए थे? तो फिर अमित को क्यों मारा?
इस सवाल के जवाब से सुलझेगी पहेली
पुलिस के लिए यह जानकारी सबसे अहम है कि पहले चेन खींची गई या गोली मारी गई। इसी से बदमाशों का मकसद स्पष्ट हो सकेगा।
‘चेन ही लूटनी थी तो बेटा क्यों छीन लिया’
चश्मदीद ऊषा ने कहा कि अगर बदमाशों को चेन ही लूटनी थी तो लूट लेते। इधर-उधर गोली चला देते। मेरा बेटा (अमित) क्यों छीन लिया...।