अभिषेक विश्वकर्मा व अभिषेक मौर्या।
- फोटो : amar ujala
रायबरेली के ऊंचाहार थाना क्षेत्र के अरखा गांव में शुक्रवार की रात सांड़ को बचाने में एक कार तालाब में जा गिरी, जिससे उसमें सवार कांग्रेस के युवा ब्लॉक अध्यक्ष समेत दो लोग पानी में डूब गए। पुलिस ने लोगों की मदद से कार को ट्रैक्टर से खींचने की कोशिश की, लेकिन वह भी तालाब में पलट गया। बाद में पुलिस ने क्रेन से कार खिंचवाई और दोनों युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब दोनों की मौत हो चुकी थी।
अरखा गांव निवासी अभिषेक विश्वकर्मा (24) पुत्र हरिकेश विश्वकर्मा युवक कांग्रेस का ब्लॉक अध्यक्ष था। शुक्रवार की रात वह कार से गांव के ही साथी अभिषेक मौर्य (24) पुत्र सूरजदीन मौर्य के साथ ढाबे पर खाना खाने गया था। घर लौटते समय लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर अरखा गांव के पास सड़क पर अचानक सामने सांड़ आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में कार तालाब में जा गिरी। तालाब गहरा होने के कारण कार पानी में समा गई, जिससे दोनों पानी में डूब गए।
जानकारी होते ही लोगों की भीड़ लग गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसओ धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर से कार को खींचने का प्रयास किया, लेकिन रस्सा टूट जाने से ट्रैक्टर भी तालाब में पलट गया। ट्रैक्टर चालक दिनेश विश्वकर्मा ने भाग कर जान बचाई। बाद में रायबरेली से क्रेन व हाइड्रा मंगाकर कार को पानी से निकलवाया गया, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो गई।
एसओ ने बताया कि कार सहित पानी में डूबने से दोनों युवकों की मौत हुई है। उधर, युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष की मौत की सूचना से कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।