यमुना पार के मेजा इलाके से दो युवकों ने बीए की एक छात्रा को अगवा करने के बाद करीब 18 दिन तक राजस्थान में बंधक बनाकर गैंगरेप किया। किसी तरह छात्रा उनके चंगुल से छूटकर घर पहुंची तो खोजबीन में भटक रहे परिजन उसकी आपबीती सुनकर सन्न रह गए।
सोमवार को मेजा थाने की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण और रेप का मुकदमा लिखा। पीड़ित छात्रा को मेडिकल टेस्ट के लिए भेज दिया गया है।
मेजा इलाके की एक युवती सिरसा स्थित कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा है। 17 नवंबर को वह कॉलेज के लिए घर से निकलने के बाद से लापता थी। परिवार के लोग तलाश में जुटे रहे मगर छात्रा का पता नहीं चल सका।
रविवार रात छात्रा खुद रोते-बिलखते घर पहुंची। उसने बताया कि वह 17 नवंबर को स्कूल जा रही थी तभी रास्ते में बजहा गांव के जीतेंद्र पटेल और करछना घनपुरवा के उमाशंकर उर्फ किनाई ने उसे रोका और बेहोशी की दवा सुंघाकर उसे जीप में खींच लिया। वे दोनों उसे राजस्थान ले गए। वहां एक कमरे में बंद कर दोनों उसके साथ रोज बलात्कार करते रहे।
वे दोनों कहीं जाते तो उसे कमरे में बंद कर जाते इसलिए वह भाग नहीं पा रही थी। शुक्रवार को मौका पाकर वह कमरे से निकली और किसी तरह इलाहाबाद आ गई।
छात्रा को लेकर परिजन मेजा थाने पहुंचे तो पुलिस ने तहरीर लेकर अपहरण, बंधक बनाकर रेप का नामजद केस लिखा। सीओ मेजा राजवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं। पीड़ित को मेडिकल टेस्ट के लिए भेज दिया गया है।
साइकिल से घसीटकर छात्रा से गैंगरेप
कालेज से अंकपत्र लेकर साइकिल से घर लौट रही एक छात्रा को अरहर के खेत में घसीटकर तीन युवकों ने दुष्कर्म किया। पीड़िता की प्रताड़ना यहीं नहीं खत्म हुई, रिपोर्ट दर्ज करने के लिए छात्रा को प्रतापगढ़ व सुल्तानपुर जनपद पुलिस ने खूब दौड़ाया।
सोमवार शाम दोनों जिलों की पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन देर शाम तक रिपोर्ट नहीं दर्ज हो सकी। प्रतापगढ़ का कोहंडौर थाना और सुल्तानपुर का लंभुआ थाना दोनों जिलों की सीमा की रखवाली करता है।
मदाफरपुर बाजार के निकट एक गांव (सुल्तानपुर) की छात्रा संजयगांधी पीजी कालेज चौकिया (सुल्तानपुर) में बीए की छात्रा थी। वह साइकिल से कालेज जाती थी। 5 दिसंबर को वह अंकपत्र लेकर कालेज से लौट रही थी।
अपरान्ह में गोथुआ (सुल्तानपुर) और सराय रजई (प्रतापगढ़) की सीमा पर बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया। युवक उसे अरहर के एक खेत में घसीट ले गए और तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
छात्रा ने घर जाकर घटना की जानकारी दी तो परिजन पहले सुल्तानपुर जिले के लंभुआ थाना क्षेत्र की शंभूगंज पुलिस चौकी पहुंचे। वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वे लंभुआ थाने पहुंचे। थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल प्रतापगढ़ बताकर उन्हें वापस कर दिया।