फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चोरों ने कोल्डड्रिंक पी, आटा छाना और लाखों का माल पार किया

Tue, 01 Sep 2015 11:33 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
रक्षाबंधन के मौके पर चोरों ने ताला बंद घरों को निशाना बनाया। अलीगंज इलाके में पांच और तालकटोरा क्षेत्र के दो घरों से लाखों के गहने व नगदी ले गए।
विज्ञापन


मजेदार बात यह है कि चोरों ने माल बटोरने के दौरान फ्रिज में रखी कोल्डड्रिंक पी और गहनों की तलाश में आटा छाना। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ चोरों की तलाश शुरू की है।

पुलिस के मुताबिक, अलीगंज के त्रिवेणीनगर-3 योगीनगर में डॉ दिनेश प्रताप मिश्रा शुक्रवार को अपने घर पर ताला लगाकर रक्षाबंधन के मौके पर परिवार समेत सीतापुर के सिधौली क्षेत्र स्थित अपने मूल निवास गए थे।
विज्ञापन


इस बीच चाहरदीवारी कूदकर घुसे चोरों ने कमरों के ताले तोड़े। सेफ व लॉकर तोड़कर करीब दो लाख रुपये, दस लाख के गहने व लैपटॉप चुरा लिया। डॉ. दिनेश सोमवार सुबह लौटे। घर में तमाम सामान अस्तव्यस्त और सेफ व लॉकर खुले देख उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सेफ और लॉकर से सारा माल उड़ाया

इस बीच पता चला कि चोरों ने सहकारिता भवन में सहायक निदेशक कृषि विनय वर्मा के घर भी हाथ साफ किया है। विनय के घर में सेफ व लॉकर तोड़कर माल बटोरने के साथ चोरों ने फ्रिज में रखी कोल्डड्रिंक पी और आटा छानकर गहने तलाशे।

विनय वर्मा 22 अगस्त को घर पर ताला लगाकर बंगलूरू गए थे। इतना ही नहीं उनके किराएदार सौरभ गुप्ता के भी घर का ताला तोड़कर गहने, नगदी व कीमती सामान चुरा ले गए। सौरभ भी शुक्रवार को ताला लगाकर रक्षाबंधन पर अपने मूल निवास सीतापुर गया था। विनय व सौरभ के घर से ढाई लाख रुपये व दस लाख के गहने चोरी हुए हैं।

इसी थाना क्षेत्र में दयालफोर्ड कॉलोनी के दर्शनगंज रस्तोगीबाग में चोरों ने एक निजी कंपनी में कार्यरत दीपांशु तिवारी के घर का ताला तोड़कर सेफ के लॉकर व बक्से खंगाले।

चोरों ने सात हजार रुपये व ढाई लाख के गहनों के साथ लैपटॉप और मोबाइल चुराया। इसी मकान में प्रथमतल पर किराए पर रहने वाले दवा व्यवसाय से जुड़े सुधीर दुबे के कमरों का ताला तोड़ा और सेफ व बक्से खंगालकर सवा लाख रुपये व चार लाख से अधिक के गहने चुरा लिए। दीपांशु तिवारी शुक्रवार को अपने घर पर ताला लगाकर रक्षाबंधन पर हरदोई और सुधीर दुबे परिवार समेत वाराणसी गए थे।

चोरियों का पता चलने पर पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट बुलाकर पांचों घरों में सेफ, फ्रिज व अन्य वस्तुओं से अंगुलियों की छाप उतरवाई। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए और सर्विलांस सेल की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन

गैस सिलेंडर और एलईडी भी ले गए चोर

राजाजीपुरम के ई-ब्लॉक स्थित सचिवालय कॉलोनी में चोरों ने गृह विभाग के अनुसचिव कन्हैयालाल वर्मा के घर का ताला तोड़कर करीब दस लाख का माल चुरा लिया। कन्हैयालाल का कहना है कि वह शनिवार को घर पर ताला लगाकर हरदोई स्थित अपने घर गए थे।

पत्नी मीना, बेटा शशांक व बेटी तान्या मूलनिवास पर रक्षाबंधन मनाने पहले ही जा चुके थे। चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर चार गोलक में रखे दो लाख रुपये, सेफ से चालीस हजार के साथ दस के नए नोटों की दस, सौ की पांच और पांच सौ की एक गड्डी चुरा ली।

इसके अलावा गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी व अन्य कीमती सामान भी ले गए। कन्हैयालाल की पत्नी मीना पिहानी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रही हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह लौटने पर वारदात की जानकारी हुई। पुलिस ने फिंगरप्रिंट व डॉग स्क्वॉएड की मदद से तहकीकात की।

खोजी कुत्ता कॉलोनी के ही एक घर के पास रुका था। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज कब्जे में लिए गए हैं। इसके अलावा सपना कॉलोनी में धर्मेंद्र शर्मा के घर का ताला तोड़कर चोरी हुई है। वह भी घर पर ताला लगाकर रक्षाबंधन पर मूलनिवास गया था।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें