सोने की चेन पर लोन लेता था चोर
- फोटो : demo pic
महिलाओं से चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर लुटेरे को नाका क्षेत्र में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि लूटी हुई चेन को वह मणप्पुरम गोल्ड लोन बैंक में गिरवी रखकर करके ऋण ले लेता था। उसके पास 50 से अधिक लूट की चेन को वहां गिरवी रखने की पर्चियां मिलीं हैं। इंस्पेक्टर नाका धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि पकड़े गए बदमाश की पहचान देवेंद्र सिंह उर्फ मोनू के रूप में हुई है। वह बाजारखाला के भवानीगंज का रहने वाला है।
उसके पास से लाल रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल व 25 सौ रुपये नगद भी मिले हैं। उसके खिलाफ चेन लूट के छह से ज्यादा केस दर्ज हैं। बकौल इंस्पेक्टर धीरेंद्र, पूछताछ में अपराधी ने बताया कि वह नाका, तालकटोरा, बाजारखाला में करीब हर तीसरे दिन चेन व पर्स लूटता था। लूटे जेवरों को वह मणप्पुरम गोल्ड लोन बैंक में गिरवी रखकर कैश ले लेता था।
मणप्पुरम बैंक में चोरी के माल के अच्छे रुपये मिल जाते है। जबकि जेवर बाहर बेचने में दिक्कत होती थी। वहां कोई पूछताछ तक नहीं होती। सिर्फ एक आईडी दिखाने भर से भी काम चल जाता है। इस बारे में एसओ ने मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी के अधिकारियों व कर्मचारियों से पूछताछ करने की बात कही है।
आरोपी ने बताया कि पिछले दिनों ऐशबाग पुल के नीचे, राजेंद्र नगर में पोस्ट ऑफिस के पास व अन्य स्थानों पर मिर्च पाउडर झोंककर चेन लूट की वारदात की थी।