आरोपित प्रोफेसर के आजमगढ़ में कई कॉलेज
- फोटो : अमर उजाला
पीजीआई थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात प्लाइवुड कारोबारी के घर में घुसकर चोरी के शक में पकड़े गए युवक की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। गार्ड की सूचना पर कारोबारी के परिवारीजनों ने पड़ोसियों की मदद से उसे पकड़ कर पुलिस को सौंपा था। चोरी की कोशिश का मामला दर्ज कराने के दौरान युवक की हालत बिगड़ने लगी।
मौत पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की और शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। क्षेत्राधिकारी कैंट तनु उपाध्याय के मुताबिक, वृंदावन योजना के 8सी के गार्ड सुभाष ने रात 2:45 बजे एक संदिग्ध व्यक्ति को प्लाइवुड व्यवसायी लोकनाथ शर्मा के घर में बाउंड्रीवाल कूदकर घुसते देख शोर मचाया।
लोकनाथ शर्मा के घर की घंटी बजाने के साथ आसपास के लोगों को जगाया। नागरिकों ने घेराबंदी पर कोने में दुबके 35 वर्षीय संदिग्ध को पकड़ा। वह नशे में था। लोकनाथ के बेटे विकास शर्मा ने पुलिस कंट्रोल रूम फोन किया।
पकड़े गए युवक को मौके पर पहुंची पुलिस को सौंपने के साथ विकास शर्मा ने अपने भाई मिथलेश व अन्य लोगों के साथ थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई। इस दौरान आरोपी की हालत बिगड़ने लगी। पुलिस टीम रात 3:35 बजे उसे सिविल अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने पकड़े गए युवक को मृत घोषित कर दिया।
हिरासत में मौत से हड़कंप, गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी
क्षेत्राधिकारी का कहना है कि पकड़े गए युवक की हालत बिगड़ते देख उसे पीजीआई थाने के मुख्य आरक्षी की देखरेख में विकास शर्मा, मिथलेश व सिक्योरिटी गार्ड सुभाष के साथ अस्पताल ले जाया गया। उसे मृत घोषित किए जाने पर अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र कुमार सिंह ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कराया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से तय होगी तफ्तीश की दिशा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि युवक नशे में धुत था और नाम-पता बताने से पहले उसकी मौत हो गई। शव 72 घंटे के लिए मॉर्च्युरी में रखवाकर शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम को इलाके के सीसीटीवी फुटेज जुटाने के आदेश दिए गए हैं।