डालीगंज के बाबूगंज बाजार में उपद्रव के हसनगंज कोतवाली में तीन मुकदमे दर्ज हुए हैं।
मुफ्त में मिठाई व नमकीन न देने पर छात्रों का कोपभाजन बने दुकानदार व इंस्पेक्टर ने छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। व्यापारियों के हाथों पिटे छात्र ने भी बंधक बना लूटने व हमले का मामला दर्ज कराया है।
सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से पुलिस ने उपद्रव की अगुवाई कर रहे छह छात्रों व एक निष्कासित छात्र की पहचान कर तलाश शुरू की है।
इसके लिए कई जिलों में पुलिस टीम भी भेजी जा चुकी है। भीड़ में शामिल छात्रों के अभिभावकों को नोटिस भेजने की भी तैयारी है।
एसएसपी ने बताया कि बाबूगंज में अवध किशोर गुप्ता के बालाजी स्वीट हाउस से मिठाई व नमकीन लेने के बाद भुगतान मांगने पर लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों ने उपद्रव किया था।
दुकान में तोड़फोड़ के साथ अवध किशोर व नौकरों को पीटा। इसके बाद छात्रों के जत्थे ने पथराव,तोड़फोड़,हवाई फायरिंग की।
छापामारी करने हॉस्टल के गेट पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर सुतली बम भी फेंके। इस मामले में अवध किशोर ने 70 अज्ञात छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
उपद्रव करके कानून व्यवस्था ध्वस्त करने के मामले में इंस्पेक्टर वीर सिंह ने चार-पांच सौ अज्ञात छात्रों के मुकदमा लिखाया है।
हबीबुल्ला हॉस्टल में रहने वाले छात्र हरिओम ने बालाजी स्वीट हाउस के मालिक व उसके साथियों पर बलवा, बंधक बनाकर पीटने व लूटपाट का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हालात काबू में करने के बाद पुलिस ने बालाजी स्वीट हाउस के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले।
इसमें हर्षित सिंह, प्रशांत सिंह, वीरेश कुमार, आनंद सिंह,नवीन कुमार,पाशर्थी शुक्ला व निष्कासित छात्र मणि सिंह की पहचान हुई। सभी हॉस्टल से गायब हैं।
हर्षित की तलाश में बलिया,प्रशांत को पकड़ने के लिए संत कबीरनगर,वीरेश की तलाश में सिधौली व पाशर्थी शुक्ला की तलाश में पुलिस की टीम देवरिया भेजी गई है।