फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजधानी में बेखौफ बदमाश, सर्राफ को गोली से उड़ाया

Tue, 09 Dec 2014 08:28 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
बंथरा के बनी-मोहान मार्ग पर सोमवार शाम लूट का विरोध करने पर बाइक सवार बदमाशों ने सर्राफ रामविलास सोनी (68) की गोली मार कर हत्या कर दी। रामविलास दुकान बंद करके बेटे भानू प्रकाश उर्फ राजू के साथ बाइक से घर लौट रहे थे तभी बदमाश पीछे लग गए।
विज्ञापन


सुनसान स्थान पर बदमाशों ने उनके सोने-चांदी के जेवर और नकदी से भरे बैग पर झपट्टा मारा। इस पर रामविलास बदमाशों से भिड़ गए। धक्का-मुक्की के दौरान बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। खून से लथपथ रामविलास गिर पड़े। बेटे ने मदद के लिए शोर मचाया तो बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले।

सर्राफ को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शाम करीब साढ़े पांच बजे बंथरा के लतीफनगर बेती इलाके में यह वारदात हुई। सीओ कृष्णानगर हरेंद्र कुमार ने बताया कि सरोजनीनगर के गौरी सिद्धार्थनगर निवासी रामविलास की हरौनी बाजार में मुन्नू सिंह मार्केट में साईं ज्वैलर्स के नाम से दुकान है।
विज्ञापन


दुकान उनके तीन बेटे राजू, रिंकू व सोनू देखते हैं। रामविलास छोटे बेटे सोनू की दुकान पर बैठते थे। सीओ ने बताया कि सोनू को किडनी की बीमारी है। इसके चलते वह कुछ दिन से दुकान नहीं आ रहा था।

दुकान से निकलते ही पीछे लगे बदमाश

रामविलास ने सोमवार को दुकान बंद कराई और बेटे राजू के साथ बाइक से घर की तरफ चल दिए। उनके पास दो बैग थे जिसमें दस किलो चांदी, कुछ सोने के जेवर और करीब 15,000 रुपये नकद रखे थे। हरौनी से निकलते ही एक बाइक पर सवार तीन बदमाश उनके पीछे लग गए। बेती पहुंचते ही सूनसान स्थान पर बदमाश राजू की बाइक के बगल में आ गए।

राजू ने बताया कि बदमाशों ने जैसे ही उसके बगल में बाइक लगाकर बैग में झपट्टा मारा, पिता रामविलास से उनकी खींचतान और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। बाइकें चलती रही और झगड़ा होता रहा।

बदमाशों ने तमंचा निकालकर गोली मारने की धमकी भी दी लेकिन रामविलास नहीं डरे। बदमाश बाइक रुकवाना चाह रहे थे लेकिन राजू ने स्पीड बढ़ा दी। कोई रास्ता ने देख बदमाशों ने रामविलास को डराने के लिए फायर किया। इस पर भी राजू ने बाइक नहीं रोकी तो बदमाशों ने रामविलास को गोली मार दी।

दहशत फैलाने को हवाई फायरिंग

गोली रामविलास के सीने में बाईं तरफ लगी और वह चीख पड़े। राजू बाइक लेकर भागा लेकिन असंतुलित होकर कुछ दूर मंदिर के पास जाकर गिर गई। राजू ने शोर मचाया तो मंदिर के आसपास मौजूद लोग दौड़े। हालांकि, बदमाश हवा में गोलियां चलाते हुए भाग गए। सूचना पाकर एसओ नोवेंद्र सिंह सिरोही फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और रामविलास को ट्रॉमा सेंटर भेजा।

राजू ने बताया कि उन्हें बदमाशों के पीछा करने का अहसास हो गया था और वह पूरी तरह से सतर्क थे। बेती गांव के जिस इलाके में बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की वहां सन्नाटा है। वह जल्दी से जल्दी इस इलाके से निकल जाना चाहते थे लेकिन इससे पहले ही बदमाशों ने अपना काम कर दिया।

सीओ कृष्णानगर हरेंद्र कुमार ने कहा कि वारदात वाली जगह पर सन्नाटा होने के बाद भी बदमाश जेवर-नकदी से भरा बैग नहीं ले गए। इससे कई तरह की आशंकाएं पैदा हो रही हैं। पुलिस यह भी आशंका जता रही है कि कहीं बदमाश रामविलास की हत्या करने के इरादे से तो नहीं आए थे। सीओ ने कहा कि रामविलास व उनके परिवार के सदस्यों की रंजिश या लेन-देन के विवाद का भी पता लगाया जा रहा है।
विज्ञापन

रिश्तेदार से हुआ था झगड़ा

सीओ ने बताया कि रामविलास अपनी दुकान से उन्नाव जाने की बात कहकर निकले थे। यह भी पता चला है कि एक सप्ताह पूर्व उन्नाव निवासी एक रिश्तेदार से लेन-देन को लेकर रामविलास का झगड़ा भी हुआ था। उक्त रिश्तेदार ने रामविलास को दुकान खोलते वक्त कुछ रुपया उधार दिया था जिसे वह लौटा नहीं रहा था। सीओ का कहना है कि सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। ट्रॉमा सेंटर पर पिता की मौत की खबर से सर्रार्फ के परिवारीजन चीख-पुकार मचाने लगे तो सराफा कारोबारियों में आक्रोश फैल गया। राजू ने बताया कि वह दो दुकानों से रोज सोने-चांदी के जेवर लाता और ले जाता है।

सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन किया था लेकिन प्रार्थनापत्र स्वीकार नहीं किया गया। राजू का कहना है कि इससे पहले भी बंथरा इलाके में सर्राफ से लूटपाट की पांच-छह वारदात हो चुकी हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें