गोसाईंगंज में शुक्रवार शाम मुर्गे की आंख फोड़ने को लेकर सीतापुर के तंबौर निवासी शमशाद और मेराज भिड़ गए। शमशाद ने मेराज पर मुर्गे को चोट पहुंचाने का आरोप लगाया। गाली-गलौज और झगड़े के बाद उसने मेराज को गोली मार दी।
गर्दन में गोली लगने से मेराज चीखते हुए गिर पड़ा तो उसके परिवारीजनों ने शमशाद पर हमला कर दिया। उसे लात-घूसों और डंडे से जमकर पीटा। दोनों को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां मेराज की मौत हो गई।
एसओ अरविंद पांडेय ने बताया कि मेराज और शमशाद दोनों सीतापुर के तंबौर में आमने-सामने रहते हैं। यहां दोनों बरकतनगर में सूर्या ईंट भट्ठे पर काम करते हैं। भट्ठा परिसर में ही टिन शेड में दोनों परिवार के साथ अगल-बगल रहते हैं।
शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे शमशाद घर आया तो पालतू मुर्गे को लहूलुहान देखकर भड़क उठा। परिवारीजनों ने बताया कि किसी ने मुर्गे की आंख फोड़ दी है।