माल क्षेत्र में एक युवक की सिर काटकर हत्या कर दी गई। बेरहमी से हत्या के बाद शव आम के बाग में फेंक दिया गया।
उधर से गुजरे ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने सोमवार देर रात शव बरामद किया है। पड़ताल में पता चला कि युवक तीन दिन से लापता था।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 10 बजे एक राहगीर ने माल के बघोलवा गांव के बाहर आम के बाग में एक सिर कटी लाश पड़ी होने की सूचना दी थी।
मौके पर पहुंची टीम ने शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। इस दौरान गांव की ही उर्मिला ने शव की शिनाख्त अपने पति पिंटू (35) के रूप में की।
उर्मिला ने बताया कि पिंटू तीन दिन पहले साइकिल से घर का सामान लेने निकला था। इसके बाद से लापता था।
काफी तलाश के बाद भी पता न चलने पर पुलिस को भी जानकारी दी थी। बावजूद इसके न तो गुमशुदगी दर्ज की गई और न ही तलाश के प्रयास किए गए।
उर्मिला ने किसी से दुश्मनी से इंकार किया है। पुलिस के अनुसार हत्या धारदार हथियार से की गई है। हत्यारों ने सिर धड़ से अलग कर दिया था।
एसओ माल संजय कुमार ने बताया कि शव की स्थिति देखकर लगता है कि हत्या पिंटू से जबरदस्त नफरत करता था।
इसी के चलते गला रेतने के बाद सिर धड़ से अलग कर दिया। हालांकि परिवार ने न तो तहरीर दी है और न ही किसी पर शक जाहिर किया है।
शव को जानवरों ने भी नोंचा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच की जा रही है।