बाजारखाला क्षेत्र में रविवार रात चोर एक मकान का ताला तोड़कर माल बटोर ले गए।
चोरी की जानकारी होने पर सोमवार को पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बाजारखाला के डी-652/653 टिकैतराय एलडीए कॉलोनी निवासी कैसरजहां कैसरबाग स्थित रेडक्रास बाल महिला चिकित्सालय में सुपरवाइजर हैं।
पति के देहांत के बाद अकेली रह रही कैसरजहां तबीयत खराब होने के चलते रविवार रात डॉक्टर को दिखाने गई थीं।
इसके बाद पास में ही रहने वाली अपनी बेटी के घर चली गईं। सोमवार सुबह ड्राइवर को बुलाया और गाड़ी लाने के लिए घर भेजा।
मेन गेट खोलकर ड्राइवर पहली मंजिल पर गया तो कमरों के ताले टूटे और सामान अस्त-व्यस्त मिला।
अंदर अलमारियों व लॉकर खुले देख उसके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची कैसरजहां ने पुलिस को फोन किया।
डॉग स्क्वॉयड व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने छानबीन की। खोजी कुत्ता पड़ोस के मोहल्ले बिहारीपुर व झव्वारा जाकर लौट आया।
पुलिस को छानबीन में कमरे से एक गड़ासा,सरिया व लोहे के पाइप का टुकड़ा मिला है। छानबीन में पता चला कि चोर पड़ोसी के घर की छत से अंदर दाखिल हुए थे।
पुलिस को दी तहरीर में आठ लाख के जेवर व साठ हजार रुपये चोरी होने की बात कही गई है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है।