चार दिन से लापता युवक का शव सोमवार सुबह नारायनपुर मार्ग पर बेहटा गांव के पास एक गड्ढे में पाया गया। बोरे में शव मिलते ही परिवार के साथ ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
गुस्साई भीड़ ने मोहान रोड स्थित घुरघुरी तालाब पुलिस चौकी पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी चौकी इंचार्ज को हटाने और मुआवजे की मांग की।
काकोरी के मदारपुर निवासी रामरतन गौतम का बेटा सुशील (22) बृहस्पतिवार को पेशी के लिए निकला था। देर रात तक न लौटने पर तलाश शुरू की गई।
पता न चलने पर शुक्रवार को परिवार के लोगों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। इस बीच गांव से कुछ ही दूर खेत में सुशील का मोबाइल पाया गया। तलाश चल ही रही थी कि रविवार को चकौली-समदा गांव के जंगल में उसकी बाइक मिली।
बेहटा गांव के पास राहगीरों ने सोमवार पानी भरे गड्ढे में प्लास्टिक के बोरे में शव देख पुलिस को सूचना दी। इस बीच सुशील के परिवार के लोग भी आ गए और शव लेकर घुरघुरी तालाब चौकी जा पहुंचे।
पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पिता रामरतन ने गांव के ही सुंदर लाल पर हत्या का आरोप लाते हुए गिरफ्तारी की मांग की। दोनों के परिवारो में छेड़खानी को लेकर रंजिश चल रही है।
इसी मामले को लेकर सुशील पेशी पर गया था। आरोप है कि सुंदर ने छेदा विजय पाल और राजेंद्र के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
(इस खबर पर प्रतिक्रिया देने के लिए नीचे के बॉक्स में कमेट करें, शेयर करने के लिए फेसबुक शेयर बटन पर क्लिक करें)