सीएम और नगर विकास मंत्री के फर्जी लेटरपैड बनाकर ठगी करने वाले गोमतीनगर के मकदूमपुर मलेसेमऊ निवासी शातिर विकास यादव के कारनामे एक-एक करके सामने आ रहे हैं।
शुक्रवार को ठगी के एमबीए छात्रों सहित चार और शिकार एएसपी ट्रांसगोमती दिनेश यादव से मिले। पीड़ित युवकों ने विकास पर 40 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए प्रार्थनापत्र दिया है।
एएसपी ने गोमतीनगर इंस्पेक्टर को जांच कर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। बड़ी जुगौली निवासी एमबीए छात्र राहुल सिंह एमबीए पास करने के बाद ठेकेदारी कर रहा है।
बकौल राहुल, करीब एक साल पहले अपने परिचित के माध्यम से उसकी विकास यादव से मुलाकात हुई थी। विकास को लग्जरी कारों में घूमते और शाहखर्ची करते देख राहुल उससे प्रभावित हो गया। उसने विकास के साथ बिजनेस करने के लिए बातचीत की।
चेक देकर खेल कर दिया
राहुल के मुताबिक विकास ने जमीनों का धंधा कराने की बात कहते हुए उससे अपने अकाउंट में 15 लाख रुपये जमा करा लिए। राहुल को उसने कई जगह जमीन दिखाई।
उन्होंने कहा कि यह जमीनें खरीदकर इन्हें दोगुने दाम पर बेचा जा सकता है। राहुल को अपनी बातों में फंसाकर विकास ने उससे 17 लाख रुपये और जमा कराए।
कई दिन गुजरने के बाद भी विकास ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई तो राहुल ने अपने रुपये वापस मांगने शुरू कर दिए। बताते हैं कि विकास उसे झांसा देता रहा।
इसी बीच विकास के खिलाफ गोमतीनगर में सेनेटरी व्यापारी के छह करोड़ की संपत्ति हड़पने की एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिली। राहुल ने दबाव डाला तो विकास ने उसे 27 लाख रुपये की चेक दी जो बाउंस हो गई। इसके बाद से विकास ने फोन उठाना बंद कर दिया।
दिखाई सीएम की फर्जी चिट्ठी
उधर, छानबीन में पता चला कि विकास ने कई और लोगों को भी ठगा है। उसने विनम्रखंड निवासी एमबीए छात्र विभव और एक अन्य युवक अमित तिवारी को भी जमीन के धंधे में लाखों कमाने का लालच देकर चार-चार लाख रुपये हड़पे थे।
शुक्रवार को तीनों पीड़ित एएसपी से मिले और पूरा मामला बताया। एएसपी ने गोमतीनगर इंस्पेक्टर को कार्रवाई के लिए कहा है।
राहुल ने बताया कि विकास ने प्रभाव जमाने के लिए उसे भी सीएम की फर्जी चिट्ठी दिखाई थी। इस चिट्ठी में विकास यादव को सपा का नगर सचिव बनाए जाने की जानकारी दी गई है।
चार सप्ताह बाद होगी कार्रवाई
इससे पूर्व सेनेटरी व्यापारी राम खिलावन रावत को भी सीएम और नगर विकास मंत्री के फर्जी लेटरपैड पर लिखे पत्र देकर शातिर विकास यादव छह करोड़ से अधिक की संपत्ति हड़प चुका है।
सीओ गोमतीनगर अशोक वर्मा का कहना है कि इस मामले में विकास, उसकी मां सरला व अन्य आरोपियों ने कोर्ट से गिरफ्तारी के विरुद्ध चार सप्ताह तक स्टे ले रखा है। चार सप्ताह पूरे होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि अगर ठग विकास के खिलाफ युवकों की तरफ से एफआईआर दर्ज होती हैं तो उसकी गिरफ्तारी की जा सकती है।