अंबेडकरनगर के बसखारी थाना क्षेत्र के कटया गंजन गांव में रविवार रात एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि प्रेमिका ने युवक को मिलने के बहाने बुलाया जिसके बाद उसके भाई व पति ने मिलकर युवक को मार डाला। इसके बाद शव खेत में छोड़कर तीनों भाग खड़े हुए।
सोमवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। इनमें से एक ग्राम प्रधान भी है।
सोमवार सुबह थाना क्षेत्र के कटया गंजन गांव की कुछ महिलाएं खेत की तरफ गईं तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गईं। खेत में एक युवक का शव पड़ा था। कुछ देर में ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। शव की पहचान अखिलेश उर्फ नंदन (22) पुत्र रणजीत के रूप में हुई।
रोते-पीटते परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए। इस बीच जानकारी होते ही थाना प्रभारी मनबोध तिवारी भी दलबल के साथ पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छानबीन में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया।
पुलिस ने छानबीन के आधार पर गांव के प्रधान बजरंगी मौर्य, उसकी बहन विनीता व विनीता के पति पंकज मौर्य को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। इसी बीच एसपी संतोष कुमार मिश्र थाने पहुंचे और तत्परतापूर्वक कार्रवाई के निर्देश दिए। बाद में सीओ सदर धर्मेंद्र सचान के नेतृत्व में पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो तीनों ने अपना गुनाह स्वीकार लिया।