गाजीपुर थाने में तैनात एक सिपाही ने महिला कांस्टेबल को प्रेमजाल में फंसाया। शादी का झांसा देकर शोषण करता रहा।
इस बीच एक अन्य युवती से ब्याह रचाने के इरादे से गोंडा जा पहुंचा। महिला कांस्टेबल की शिकायत पर एसएसपी ने कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक महिला कांस्टेबल का आरोप है कि गाजीपुर थाने में तैनात सिपाही धीरेंद्र सिंह ने उससे दोस्ती की।
उसे शादी का झांसा देकर साथ घुमाने के साथ शोषण करने लगा। इस बीच धीरेंद्र के परिवारीजनों ने एक अन्य युवती से रिश्ता तय किया और शादी की तारीख तय हो गई।
धीरेंद्र ने अपनी प्रेमिका से बात छुपाए रखी। बहाने से छुट्टी लेकर गोंडा स्थित अपने घर जाता रहा।
वहां शादी की तैयारी में जुटा था। इस बीच महिला कांस्टेबल को भनक लग गई कि उसका प्रेमी किसी अन्य के साथ घर बसाने जा रहा है।
इस पर उसने पुलिस अफसरों को मामले की जानकारी दी और एसएसपी से गुहार लगाई।
एसएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए एसपी गोंडा से फोन पर बात की। गोंडा पुलिस ने धीरेंद्र के घर जाकर तहकीकात की।
जानकारी के मुताबिक लखनऊ पुलिस रविवार देर शाम सिपाही के घर पहुंची।
परिवारीजनों ने सिपाही की शादी की तैयारी होने की पुष्टि की है। दूसरी ओर लखनऊ पुलिस प्रवक्ता आलोक पाठक ने बताया कि महिला कांस्टेबल की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।