पारा थाना क्षेत्र के बुद्धेश्वर चौराहे के पास चोरों ने रविवार रात एक ज्वैलरी शॉप का शटर तोड़कर दस लाख के गहने व नगदी चुरा ली।
ज्वैलरी शॉप में चोरी की दो हफ्ते में तीसरी वारदात से आक्रोशित व्यापारियों ने चौराहे पर जाम लगाकर ढाई घंटे प्रदर्शन किया।
इंस्पेक्टर ने तीन दिन में खुलासे का आश्वासन देकर व्यापारियों को शांत कराया। इस बीच फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वॉयड की मदद से तहकीकात शुरू की।
चोरों ने बुद्धेश्वर चौराहे के पास स्थित शांति प्लाजा के प्रथम तल पर स्थित विवेक शर्मा की अशोक ज्वैलर्स व क्लाथ हाउस का रविवार रात शटर तोड़कर करीब दस लाख के गहने व 50 हजार रुपये चुरा लिए।
अन्य दुकानदारों ने सोमवार सुबह भपटामऊ निवासी विवेक शर्मा को घटना की सूचना दी। विवेक आननफानन में दुकान पर पहुंचे। पुलिस को फोन करने के साथ उन्होंने व्यापारी नेताओं को भी जानकारी दी।
इंस्पेक्टर पारा विजय प्रताप यादव फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। इस बीच बुद्धेश्वर व्यापार मंडल के अध्यक्ष पिंटू गुप्ता, महामंत्री इशरत अली, रामसिंह लोधी, शिवकुमार यादव, मो. आरिफ के नेतृत्व में व्यापारी एकत्र हो गए।
दो हफ्ते में ज्वैलरी शॉप में चोरी की तीसरी वारदात से आक्रोशित व्यापारियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बुद्धेश्वर चौराहे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे रिंग रोड पर वाहनों की कतार लग गई।
इंस्पेक्टर विजय प्रताप ने तीन दिन में वारदात के खुलासे का आश्वासन देकर व्यापारियों को शांत कराया। इस दौरान ढाई घंटे तक जाम लगा रहा। रिंग रोड पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।