‘कामधाम करते नहीं, अपराधियों को पकड़ते नहीं और चल दिए चालान करने। जानते नहीं मैं कौन हूं, एक मिनट में वर्दी उतर जाएगी।’
हजरतगंज चौराहे पर रविवार शाम चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों ने काले शीशों वाली एसयूवी रोकी तो उसमें सवार युवती कुछ इसी अंदाज में बिफर पड़ी। गाड़ी पर प्रेस लिखा था।
हाथापाई पर उतारू हो गई
हंगामा कर रही युवती न सिर्फ पुलिसकर्मियों से भिड़ी, बल्कि चेकिंग की कवरेज कर रहे एक मीडियाकर्मी से हाथापाई पर उतारू हो गई। पुलिस ने चालान काटने के साथ ही काली फिल्म भी उतार दी। इस दौरान कई रसूखदार महिलाओं ने पुलिस पर रौब गालिब किया।
एसपी सिटी पूर्वी राजेश कुमार व सीओ हजरतगंज दिनेश यादव के नेतृत्व में शाम चार बजे हजरतगंज चौराहे पर घेराबंदी करके चली वाहन चेकिंग में कई रसूखदारों के वाहन चेक हुए।
पुलिस दो न्यायिक अधिकारियों की निजी गाड़ियों से नीली बत्ती उतार कर चालान कर ही रही थी कि विधानसभा मार्ग की तरफ से शीशे पर काली फिल्म चढ़ी गाड़ी आती दिखी।
सिपाही ने उसे रुकने का इशारा किया। ड्राइविंग सीट पर बैठी युवती ने रफ्तार बढ़ा दी। युवती को सिपाही पर कार चढ़ाने की कोशिश करते देख पुलिसकर्मियों ने गाड़ी रुकवाई।
युवती ने काली फिल्म उतारने का विरोध किया। नोकझोंक के बीच पुलिस ने काली फिल्म उतारी और युवती को चालान चिट थमाई। इस बीच पुलिस ने गहरे काले शीशों की एक एसयूवी रोकी।
सामने और पीछे के शीशे पर प्रेस लिखा था। एसयूवी से उतरी युवती ने सिपाही को आड़े हाथों लिया और सीओ हजरतगंज से भिड़ गई। इस बीच कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों पर नजर पड़ी।
युवती ने एक कैमरे पर झपट्टा मारा और चैनल के पत्रकार से हाथापाई कर डाली। माजरा समझने के साथ गुस्सा शांत हुआ। पुलिस ने शीशों से काली फिल्म उतारने के साथ गाड़ी की चालान चिट थमा दी।
रफ्तार से गाड़ी लेकर चली गई
युवती तेज रफ्तार से गाड़ी लेकर चली गई। काले शीशे व नीली बत्ती की एक अन्य कार से उतरी युवती ने खुद को उन्नाव के एडीएम की बेटी बताकर पुलिस पर रौब जमाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने फोन पर बात करने से इन्कार के साथ उसकी गाड़ी से नीलीबत्ती व काली फिल्म उतारकर चालान कर दिया।