क्षेत्र में सक्रिय चोरों ने गुरुवार रात मंदिर को निशाना बनाया। झारखंडेश्वर मंदिर का ताला तोड़कर अष्टधातु की राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की मूर्तियां उठा ले गए।
सुबह वारदात की जानकारी मिलने पर भक्तों में आक्रोश व्याप्त हो गया। चोरी हुईं मूर्तियों की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक की बताई जा रही है। ग्रामीणों ने घटना का जल्द खुलासा नहीं होने पर जाम करके प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
झारखंडेश्वर मंदिर क्षेत्र के आशा रसीदपुर गांव में स्थित है। इस मंदिर में राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की अष्टधातु की मूर्तियों की स्थापना करीब 25 साल पहले कराई गई थी।
मंदिर के पुजारी सियाराम दास पास में कुटी बनाकर रहते हैं। गुरुवार रात मंदिर का ताला तोड़कर दाखिल हुए चोर मूर्तियां समेट कर फरार हो गए। पुजारी को रात में वारदात की भनक तक नहीं लगी।