बीबीडी में होटल मैनेजमेंट का छात्र मो. हैदर ठाकुरगंज इलाके में डॉ. अनूप वाजपेयी के घर डकैती का मास्टर माइंड था। डॉक्टर के वाहन चालक की मुखबिरी पर उसने फुलप्रूफ प्लान तैयार कर चार साथियों की मदद से वारदात अंजाम दी थी।
पुलिस ने चालक समेत छह बदमाशों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। बालरोग विशेषज्ञ डॉ. अनूप वाजपेयी के घर 29 अक्तूबर को डकैती हुई थी।
इस डकैती के लिए पुलिस ने नगरिया निवासी वाहन चालक मनोज शर्मा, बीबीडी में होटल मैनेजमेंट छात्र मो. हैदर, चौक के ऑक्सफोर्ड कॉलेज में इंटरमीडिएट के छात्र जमन रिजवी, महात्मा गांधी मेमोरियल कॉलेज में इंटर के छात्र सुनील कनौजिया, तहसीनगंज झोपड़ पट्टी निवासी सैयद इरफान हैदर व मुसाहिबगंज निवासी कामिल अब्बास को गिरफ्तार किया है।
उनके कब्जे डॉ. अनूप के घर से उड़ाए 16.35 लाख रुपये, सूटकेस, बैग, चेकबुक, पासबुक, वोटर आईडी कार्ड, तमंचा, पिस्टल, चाकू व वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल मोबाइल और अन्य औजार बरामद हुए हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि चालक मनोज शर्मा के साथ मिलकर होटल मैनेजमेंट छात्र मो. हैदर ने फुलप्रूफ प्लान तैयार करके साथियों की मदद से वारदात अंजाम दी थी।