एक नाटकीय घटनाक्रम में रविवार को दो साल से चल रहे प्रेम प्रसंग का अंत हो गया। रविवार सुबह प्रेमिका पर गड़ासे से वार करके भागे प्रेमी ने सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में ट्रेन के नीचे आकर जान दे दी।
पुलिस के मुताबिक चित्ताखेड़ा बाजारखाला निवासी ह्दयेश उर्फ गुड्डू राजपूत का मवैया मछली मंडी निवासी शांति से दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों नाका थाना क्षेत्र के नेहरूनगर मोतीनगर इलाके में अपने परिवार से अलग रह रहे थे।
रविवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। गुस्से में गुड्डू ने गड़ासे से प्रेमिका शांति की गदर्न पर वार कर दिया और फरार हो गया। घटना की जानकारी पड़ोसियों को हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया और घायल शांति को बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक शांति की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है। उसकी गर्दन में आठ टाके लगे हैं।
दिन भर गुड्डू की तलाश में भटकती रही पुलिस को गुड्डू का शव तीन घंटे बाद सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन पर मिला। ट्रेन ड्राइवर के मुताबिक गुड्डू ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की थी। पुलिस का मानना है कि प्रमिका को मरा समझकर भागे गुड्डू ने दहशत में आत्महत्या कर ली।
परिवार वालों ने बताया कि शांति का विवाह फैजाबाद के खंडासा थाना क्षेत्र के सुनाहछेती निवासी शिवकुमार से हुआ था। दोनों से एक बेटा भी है जो अपने ननिहाल में रहता है। प्रेम प्रसंग के चलते वह अपने पति से अलग रह रही थी। वहीं, गुड्डू का विवाह भी हो चुका था।