शादी का झांसा देकर एक युवक किशोरी के साथ साल भर तक दुष्कर्म करता रहा। किशोरी के गर्भवती होने पर परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई। किशोरी के पिता ने एसपी से मिलकर मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने की फरियाद की। एसपी ने थानाध्यक्ष को मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
खरगूपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीया किशोरी के पिता ने एसपी से मिलकर दिए गए शिकायती पत्र में कहा कि वह मुंबई में रहकर मजूदरी करता है। गांव पर उसका पत्नी, बेटे व बच्चे रहते हैं।
किशोरी के पिता ने बताया कि उसकी बेटी गर्भवती हो गई तब इसकी जानकारी उसकी पत्नी को हुई। पत्नी ने बेटी से जब पूछताछ की तो बेटी ने आपबीती सुनाई। जिसके बाद पत्नी ने 28 अगस्त को फोन पर उसे सूचना दी।
एसपी ने थानाध्यक्ष खरगूपुर को मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। एसपी लल्लन सिंह ने बताया कि किशोरी का पिता उनसे मिला था, उन्होंने मामले में थानाध्यक्ष खरगूपुर को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।