साइबर जालसाजों ने अडानी ग्रुप के नाम पर फर्जी वेबसाइट पर एयरपोर्ट पर नौकरी का झांसा देते हुए कई बेरोजगारों को अपने जाल में फंसाया था। इसकी जानकारी होने पर अडानी ग्रुप की अहमदाबाद की आईटी कंपनी ने इस जालसाजी को पकड़ा था। अडानी ग्रुप के वरिष्ठ प्रबंधक श्रवण कुमार ने सरोजनीनगर थाने में अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया। साइबर सेल जांच कर रहा है।
सरोजनीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह के मुताबिक, अडानी ग्रुप के वरिष्ठ प्रबंधक श्रवण कुमार की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। तहरीर में आरोप है कि फर्जी तरीके से कुछ अज्ञात लोगों ने फर्जी वेबसाइट बनाकर अडानी लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट और चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट में नौकरी दिलवाने का विज्ञापन निकाला। हजारों बेरोजगारों ने आवेदन के साथ ऑनलाइन पेमेंट भी कर दिया। जबकि अडानी ग्रुप का इससे कोई भी लेना-देना नहीं है।