आलमबाग के गोपालपुरी में फर्नीचर कारखाने में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों का माल स्वाहा हो गया।
दमकल दस्ते को आग बुझाने में दो घंटे लगे। आलमबाग निवासी रमेश चंद्र प्रजापति के गोपालपुरी स्थित ज्योति फर्नीचर नामक कारखाने में रात एक बजे आग लग गई।
वहां सो रहे चार मजदूरों को भनक लगने से पहले फर्नीचर से भीषण लपटें उठने लगीं। मजदूरों ने आग बुझाने के प्रयास के साथ रमेश को फोन किया और दमकल दस्ते को सूचना दी।
आलमबाग फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे मशक्कत करके आग बुझाने में सफल हुई। फर्नीचर कारखाने में आग से इलाके में दो घंटे तक अफरातफरी रही।
आसपास के लोग आग फैलने की आशंका के चलते सहमे थे और अपने परिवार को जगाकर आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान की तरफ भागने की तैयारी कर ली थी।
फर्नीचर व्यवसायी रमेश चंद्र ने बताया कि आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। आशंका है कि शार्ट सर्किट से आग लगी थी।
यह भी संभव है कि ठंड से निजात पाने के लिए किसी व्यक्ति द्वारा अलाव जलाने से अग्निकांड हुआ हो। आग में लाखों रुपये का फर्नीचर व कारखाने में रखा अन्य सामान जल गया है।