बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में अराजक छात्रों ने विवि परिसर में एक शोध छात्रा के साथ छेड़खानी की। पीड़िता के भाई ने जब विरोध किया तो उसे पीट दिया। भाई की नाक से खून आता देख छात्रा बेहोश हो गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। छात्रा का भाई भी विवि में पढ़ता है। मामले पर कुलपति ने विश्वविद्यालय में बैठक बुलाई गई है।
प्रभारी निरीक्षक आशियाना केशव कुमार तिवारी के मुताबिक, छात्रा ने बताया कि वह भाई संग अपने विभाग जा रही थी। इस दौरान कैंटीन के पास बैठे विवि के ही अन्य विभाग के छात्रों ने वैलेंटाइन को लेकर टिप्पणी की। विरोध पर कुछ छात्र छेड़छाड़ करने लगे। जब उसके भाई ने विरोध किया तो मनबढ़ छात्रों ने उसे जमकर पीट दिया। इससे वह खून से लथपथ होकर गिर गया।
यह देख छात्रा चीखते हुए बेहोश हो गई। यह देख आरोपी छात्र भाग निकले। अन्य विद्यार्थी भाई-बहन को लेकर विवि के हेल्थ सेंटर ले गए। जहां से उसे लोकबंधु अस्पताल भेज दिया गया। इलाज के बाद छात्रा को होश आया। इस दौरान शिक्षकों व अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर छात्रा का हालचाल लिया।