इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस की कार को टक्कर मारने के मामले में उनके एस्कॉर्ट में तैनात पुलिस कर्मियों पर गाज गिरी है।
गुरुवार को एसएसपी ने जस्टिस की सुरक्षा में तैनात एसआई समेत आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
तीन दिसंबर को बाबू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम से लौटते समय इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस की कार को हजरतगंज क्षेत्र में एक कार से टक्कर लग गई थी।
कार में एक रसूखदार की बेटी व उसके दोस्त सवार थे। पुलिस के मुताबिक नशे में कार में सवार लोगों ने जस्टिस से अभद्रता भी की थी।
जस्टिस की कार में टक्कर लगने की सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने अपनी खामियां छिपाने के इरादे से युवती व उसके दोनों दोस्तों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया था। एसएसपी जे रवींदर गौड ने पूरे मामले की जांच एक उच्चाधिकारी को सौंपी थी।
रिपोर्ट मिलने पर गुरुवार को एसएसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में जस्टिस की सुरक्षा में लगे एस्कॉर्ट में तैनात एसआई अनिल सिंह, कांस्टेबल अरुण कुमार, कांस्टेबल सत्यजीत, राम कुमार सरोज, श्रीकांत गौड, पवन कुमार, आरक्षी चालक अंजार अहमद व आरक्षी चालक मो. अली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।