गाजीपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक होम्योपैथिक अस्पताल के डॉक्टर ने मंगलवार शाम अपनी जूनियर से दुष्कर्म का प्रयास किया।
छेड़खानी के दौरान युवती की चीख-पुकार सुनकर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी डॉक्टर भाग निकला। जूनियर ने छह साल से यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मणपुरी मोड़ पर स्थित होम्योपैथिक अस्पताल में मंगलवार को छुट्टी जैसा माहौल था। इस दौरान डॉ. विजय कुमार सिंह ने अपनी एक जूनियर डॉक्टर को कक्ष में बुलाया।
थोड़ी देर बातचीत के बाद उसने छेड़खानी शुरू कर दी और दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। विजय के इरादे भांपकर युवती ने खुद को उसके चंगुल से छुड़ाने की कोशिश के साथ शोर मचाया।
अस्पताल के ऊपरी तल पर रह रहे मकान मालिक ने माजरा समझकर पुलिस को फोन कर दिया। इस बीच, आसपास के लोगों को एकत्र होते देख आरोपी डॉ. विजय भाग निकला।
पीड़ित युवती ने अपने घर फोन करके जानकारी दी। थोड़ी देर में वह पिता व भाई के साथ गाजीपुर थाने पहुंची। जूनियर डॉक्टर ने बताया कि वह छह साल से इस अस्पताल में काम कर रही है।
इस दौरान डॉ. विजय आए दिन उससे अश्लील बातें करते और आपत्तिजनक एसएमएस व एमएमएस भेजते थे। आजिज आकर उसने अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की।
उन्होंने मामले को तूल देने पर बदनामी की बात कहकर शांत करा दिया। युवती का आरोप है कि वरिष्ठ लोगों द्वारा लीपापोती करने से डॉ. विजय के हौसले बढ़ गए थे।
उसने अपने कक्ष में बुलाया और शीघ्र खुल रही अस्पताल की नई ब्रांच की डायरेक्टर बनवाने की बात कहते हुए छेड़खानी शुरू कर दी व दुष्कर्म का प्रयास किया।
खींचतान में उसके कुर्ते के बटन टूट गए। एसओ गाजीपुर का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज करके युवती का डॉक्टरी मुआयना कराया गया। आरोपी डॉक्टर की तलाश में दबिश दी जा रही है।