बंथरा में बृहस्पतिवार को ट्यूबवेल की कोठरी में मृत मिले कक्षा आठ के छात्र सानू की मौत का रहस्य गहरा गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगने से मौत की पुष्टि हुई है। जबकि छात्र के पेट से जहर भी मिला है। पुलिस ने जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखवा लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जानकारी के बाद पुलिस ने शुक्रवार को सानू के आत्महत्या करने की बात कहते हुए आरोपी ताऊ और ताई को छोड़ दिया।
घरवाले अब भी उसकी हत्या किए जाने की बात पर अड़ हैं। सानू की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह तय नहीं किया जा सका कि छात्र की हत्या हुई या उसने आत्महत्या की।
जानकारों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सानू की मौत की वजह फांसी लगने से आई है लेकिन उसके पेट में मिला जहर गुत्थी बन गया है।
अगर सानू आत्महत्या करने जा रहा था तो हो सकता है कि पहले उसने जहर खाया हो। इससे मौत न होने पर उसने फांसी लगा ली हो।
अगर सानू की हत्या की गई तो हत्यारों ने पहले उसे जहर खिलाया हो। जहर के प्रभाव से बेहोश होने के बाद उसे फंदे से लटका दिया।
जानकार बताते हैं कि फंदे से लटकाने पर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग ही आता है। ऐसे में अभी किसी नतीजे पर पहुंचना आसान नहीं है।
पुलिस के अनुसार रायसिंहखेड़ा माती निवासी श्याम बिहारी का बेटा सानू गुरुवार दोपहर स्कूल से लौटकर आते ही साइकिल लेकर बाहर जाने लगा।
इस पर पिता ने उसे डांट दिया। इससे नाराज सानू कुछ देर बाद ट्यूबवेल पर झोपड़ी पहुंचा और फांसी लगा ली।
उधर, श्याम बिहारी ने जमीन के विवाद की रंजिश में बड़े भाई सरदारी लाल और उनकी पत्नी सताना पर हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया था लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोनों को छोड़ दिया। सानू के पिता ने उसकी हत्या की बात कही है लेकिन पुलिस यह बात मानने को तैयार नहीं।