हजरतगंज क्षेत्र में बिगड़ैल युवकों ने रविवार शाम जीपीओ के सामने स्थित बीयर शॉप पर हंगामे के साथ तोड़फोड़ की।
पुलिस ने तीन युवकों को धरदबोचा, जबकि पांच भाग निकले। पकड़े गए युवकों में एक पुलिसकर्मी का बेटा, दूसरा केजीएमयू में मेडिकल व तीसरा बीएससी का छात्र बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कैपिटल सिनेमा परिसर में स्थित बीयर शॉप पर कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक शुरू हुई।
नशे के चलते झगड़ा बढ़ता गया और पांचों मारपीट के साथ तोड़फोड़ करने लगे। इससे अफरातफरी मच गई। बीयर शॉप के मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी।
हजरतगंज कोतवाली की क्विक रिएक्शन टीम मौके पर पहुंची। हंगामा कर रहे तीन युवकों को पकड़ लिया। इनमें एक ने खुद को बीसीए का छात्र व नाका कोतवाली में तैनात सिपाही का बेटा बताया।
दूसरा उसका दोस्त केजीएमयू में मेडिकल छात्र है, जबकि दूसरे पक्ष का युवक आशियाना के बंगला बाजार निवासी व बीएससी का छात्र है।
पूछताछ में पता चला कि उनके पांच साथी मौके से भाग निकले हैं। तीनों के भविष्य का ध्यान रखते हुए पुलिस ने उनके अभिभावकों को थाने बुलाया।
छात्रों की करतूत बताने के साथ उन पर अंकुश लगाने की हिदायत दी और तीनों युवकों को अभिभावकों को सौंप दिया।