गोमतीनगर में मंगलवार को एक असिस्टेंट प्रोफेसर चेन लूट कर भाग रहे बदमाश
से भिड़ गईं। हिम्मत दिखाते हुए उसे धक्का मारकर गिरा दिया।
हालांकि, बदमाश
तमंचे के बल पर धमकाता हुआ साथी के साथ भाग निकला। सूचना पर हरकत में आई
पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस ने महिला प्रोफेसर
की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंदिरानगर
के सेक्टर-14 निवासी डॉ. पंकज शुक्ला की पत्नी सुनीता एक मीडिया
इंस्टीट्यूट में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं।
सुनीता के अनुसार दोपहर करीब दो
बजे इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर जुबैर खान के साथ वे बिजली का बिल जमा करने
विजयखंड के मेहताब चंद्र चौराहा स्थित उपकेंद्र पहुंचीं।
जुबैर बिल जमा
करने चले गए, जबकि सुनीता गाड़ी में ही रुक गईं। कुछ देर बाद सुनीता गाड़ी
से निकल कर बाहर खड़ी हो गईं। इसी दौरान चेहरे पर गमछा बांधे एक बदमाश ने
उनके गले पर झपट्टा मारा। सुनीता बचने के लिए बैठ गईं।
बेखौफ बदमाश ने
दोबारा झपट्टा मारा और चेन छीनकर भागने लगा। इस पर सुनीता हिम्मत दिखाते
हुए दौड़ीं और धक्का मारकर उसे गिरा दिया।
इस बीच ड्राइवर भी गाड़ी से निकल
आया और दोनों उठकर भाग रहे बदमाश के पीछे दौड़े। खुद को फंसता देख बदमाश
ने तमंचा निकाल लिया। सुनीता और ड्राइवर सहम गए।
उनके कुछ समझने से पहले ही
बदमाश का साथी बाइक लेकर पहुंच गया और दोनों फरार हो गए। भरे बाजार में
लुटेरे से हाथापाई होते देख मजमा लग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने
घेराबंदी भी की, लेकिन लुटेरे का सुराग नहीं लगा। पुलिस ने सुनीता की तहरीर
पर मामला दर्ज कर लिया है।