थाइलैंड की युवती के लखनऊ आने के मामले में सांसद संजय सेठ की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने को लेकर उनके निजी सचिव अनूप पांडे ने सपा प्रवक्ता आईपी सिंह, महेंद्र कुरिया व रामदत्त तिवारी पर गौतमपल्ली थाने में केस दर्ज करवाया है। आरोपियों पर सांसद और उनके परिवार की छवि खराब करने की साजिश करने के आरोप में 67 आईटी एक्ट व आईपीसी की धारा 500 के अंतर्ग मुकदमा दर्ज किया गया है।
अनूप पांडे की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि तीनों आरोपियों ने भाजपा सांसद संजय सेठ के पुत्र पर थाई युवती पियाथेडा को लखनऊ बुलाने का आरोप लगाया और इसे सोशल मीडिया पर प्रचारित किया। प्रभारी निरीक्षक ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि पिछले दिनों थाइलैंड से एक युवती लखनऊ आई थी और एक होटल में ठहरी हुई थी। जहां उसे कोरोना संक्रमण होने के बाद लोहिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां उसकी मौत हो गई। अंतिम संस्कार के समय मामला खुलने पर खूब हंगामा हुआ था।