चिनहट क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर दोस्तों के साथ इंदिरा नहर में नहाने गया 9वीं कक्षा का छात्र डूब गया। छात्र को डूबता देख उसके दोस्तों ने उसे बाहर निकाला।
इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टर ने परीक्षण करके उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर घरवाले पहुंच गए। घरवालों ने दोस्तों पर उसे नशीला पदार्थ खिलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से रामपुर कला सीतापुर निवासी सिपाही चंद्रशेखर का पुत्र नीरज (17) गोमतीनगर के विपुलखंड के डी अवध इंटर कॉलेज में 9वी का छात्र था।
कॉलेज के हॉस्टल में रूककर पढ़ाई करता था। बीती दोपहर वह अपने दोस्त गौरव, शुभम, विवेक के साथ घूमने के लिए हॉस्टल से बाहर गया था। जिसके बाद सभी इंदिरा नहर में नहाने चले गए।
तीनों दोस्त नहरे के एक किनारे खड़े होकर नहा रहे थे। जबकि, छात्र नीरज नहर के बीच में जाकर नहाने लगा। पानी का बहाव तेज होने से नहर में डूबने लगा। दोस्तों ने छात्र को बाहर निकाला।
इसके बाद उसे लेकर सिविल अस्पताल गए। जहां पर डॉक्टरों ने परीक्षण करके उसे मृत घोषित कर दिया। दोस्तों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इस बीच सूचना पर घरवाले मौके पर पहुंच गए। मृतक छात्र के चाचा अरविंद ने दोस्तों पर उसे कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाकर मारने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि भतीजे नीरज के सिर पर दो चोट के निशान मिले हैं।
पुलिस तीनों छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट न होने से छात्र का विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बुझ गया घर का चिराग
छात्र की मौत की सूचना उसके घर पर पहुंचते ही कोहराम मच गया। घर का इकलौता होने की वजह से सभी का लाडला था। इस घटना ने उसके पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।
घरवालों की मानें तो पढ़ाई में होनहार होने की वजह से उसके पिता ने उसका दाखिला लखनऊ में कराया था ताकि वह मेहनत करके इंजीनियर बन सके।