ट्रॉमा सेंटर में मौजूद भाजपाई।
- फोटो : amar ujala
इसके पहले मंगलवार सुबह प्रत्यूषमणि त्रिपाठी की पत्नी प्रतिमा त्रिपाठी ने हत्या के संबंध में एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर दी और परिवार की सुरक्षा के लिए सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों की मांग की।
उन्होंने तहरीर में यह भी लिखा कि 25 नवंबर को कुछ लोगों ने उनके घर में घुसकर महिलाओं से गाली गलौज और मारपीट की थी जिसकी प्राथमिकी कैसरबाग कोतवाली में दर्ज है।
भाजयुमो नेता समर्थक लखनऊ के एसएसपी कलानिधि नैथानी को निलंबित किए जाने के साथ ही आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किये जाने व पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, अमीनाबाद के गगनी तालाब निवासी प्रत्यूषमणि त्रिपाठी सोमवार देर शाम बाइक से बादशाहनगर गए थे। वहां अज्ञात व्यक्तियों ने हमला किया। प्रत्यूष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। एक व्यक्ति ने पुलिस को फोन करके हादसे की सूचना दी।
जेब से मिले परिचयपत्र से प्रत्यूष की पहचान करने के साथ पुलिस ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ट्रॉमा सेंटर पहुंचे परिवारीजनों ने सीने पर धारदार हथियार की चोट का निशान देखते हुए हफ्ता भर पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
भाजयुमो नेता की हत्या का पता चलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी को ट्रॉमा सेंटर भेजा। कैसरबाग पुलिस की टीम ने प्रत्यूष के घर पहुंचकर परिवारीजनों से जानकारी की।
क्षेत्राधिकारी कैसरबाग अमित राय ने बताया कि 25 नवंबर को प्रत्यूष मणि त्रिपाठी का मोहल्ले के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। एक युवती ने प्रत्यूषमणि पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्रत्यूष का कहना था कि युवती ने फेसबुक पर उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। उसे स्वीकार न करने पर अपने भाइयों से हमला कराया। पुलिस ने प्रत्यूष की भी प्राथमिकी दर्ज की थी। परिवारीजनों का कहना है कि हफ्ता भर पहले हमला कर चुके युवकों पर ठोस कार्रवाई न किए जाने के कारण वारदात अंजाम दी गई।
प्रत्यूष मणि के परिवारीजन।
- फोटो : amar ujala
प्रत्यूष मणि की जेब से भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष के उनके विजिटिंग कार्ड के आधार पर पुलिस ने पहचान की और उनके घर पहुंची। मौत की खबर सुनते ही पत्नी सीमा त्रिपाठी बिलखने लगी। परिवारीजनों ने सीमा के साथ उनकी बेटी रुद्राक्षी, बेटे वंश व दो महीने की बच्ची को किसी तरह संभाला।