ड्राइवर ने कैश वैन सड़क के दूसरी तरफ स्थित राजभवन कॉलोनी के सामने सर्विस लेन में खड़ी कर दी। कस्टोडियन उमेश शर्मा बैग में भरे लगभग 45 लाख रुपये लेकर एक्सिस बैंक चला गया। जबकि अन्य चार बैग में रखे 50 लाख रुपये के आसपास की रकम कैश वैन में रखी थी। उमेश रुपये जमा करके लौटा तो देखा कि एक बदमाश दो बैग लेकर भाग रहा है।
उमेश ने बदमाश को ललकारा तो वह पिस्टल से फायर करने लगा। जिससे निकली एक गोली उमेश के बायें पैर में जांघ के पास धंस गई। उमेश ने एक बैग छीन लिया जबकि दूसरा बैग लेकर बदमाश पैदल ही सर्विस लेन से एक्सिस बैंक की तरफ दौड़ पड़ा।
संभवत: उसकी बाइक वहीं पर खड़ी थी। बैंक के बाहर भी उसने एक फायर किया जिसका खोखा पुलिस को मिला है। बदमाश वहां से अपनी बाइक लेकर बदमाश बंदरिया बाग की तरफ भाग निकला। वहीं, जब उमेश ने कार में झांका तो उसके होश उड़ गए। गनमैन की मौत हो चुकी थी जबकि चालक रामसेवक के पेट को छूते हुए गोली निकल गई थी। उसने पुलिस को जानकारी दी। जिस पर हाईसिक्योरिटी जोन में हुई वारदात से अफसरों के पैरों तले से जमीन खिसक गई।
डीजीपी सहित तमाम अफसर और लखनऊ के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। कंपनी के मैनेजर एसएन सिंह भी घटनास्थल पहुंचे। रुपयों की गिनती करने के बाद उन्होंने 6.44 लाख रुपये कम होने की जानकारी दी। फिलहाल, दोनों घायलों का उपचार चल रहा है।
एसएसपी का कहना है कि मौके पर मौजूद लोगों ने बदमाश की बाइक का नंबर बताया है। हालांकि, छानबीन में उक्त नंबर लालकुआं में रहने वाले एक युवक की स्कूटी का निकला। बदमाश की पहचान के लिए राजभवन और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। वारदात के खुलासे के लिए एसटीएफ, क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम सहित अन्य टीमें लगाई गई हैं।
वारदात के बाद जारी किए गए निर्देश
- घटना की जांच के लिए एटीएफ को तैनात किया गया है।
- लखनऊ की 6 टीमों को घटना के अनावरण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है
- बॉर्डर के सभी जनपदों को सघन चेकिंग व नाकाबंदी के निर्देश दिए गए हैं।
- पिछले 10 वर्षों में लूट की घटना (मुख्यतः कैश वैन लूट) में प्रकाश में आये अभियुक्तों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए हैं।