एडीसीपी मध्य राजेश श्रीवास्तव के मुताबिक ललित सोनकर और सौजन्य की पत्नी मुस्कान के बीच पहले दोस्ती थी। दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। लेकिन परिजन नहीं माने। ललित की शादी दूसरी युवती से कर दी गई। इसके बाद भी ललित ने मुस्कान से मिलना नहीं बंद किया। उधर मुस्कान की भी शादी सौजन्य से हो गई। मुस्कान अपने परिवार के साथ रहने लगी। उसने ललित से दूरी बना ली। लेकिन ललित उसकी इस हरकत से काफी नाराज था। पुलिस के मुताबिक ललित ने मुस्कान से शादी करने के लिए 2015 में अपनी पत्नी को जलाकर मार डाला था। उसके खिलाफ अमीनाबाद थाने में केस दर्ज हुआ था। जिसमें वह जेल भी गया था। मुस्कान को हासिल करने के लिए ही ललित ने सौजन्य पर जानलेवा हमला किया था।
पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी
तड़के बुजुर्ग महिला की हत्या की सूचना मिलते ही डीसीपी मध्य अपर्णा रजत कौशिक, एडीसीपी राजेश श्रीवास्तव, एसीपी विनय कुमार द्विवेदी व इंस्पेक्टर आलोक राय मौके पर पहुंचे। फिर पड़ताल शुरू की। वहीं दोपहर में जेसीपी क्राइम नीलाब्जा चौधरी भी मौके पर पहुंचकर पड़ताल कर निर्देश दिये। एडीसीपी मध्य के मुताबिक वारदात के खुलासे के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं। इसमें दो थाने की, डीसीपी मध्य की क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम और कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच की टीम लगी है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।