शहीद पथ पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रमाबाई चौकी के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक सवार शिक्षक को टक्कर मार दी।
चालक ने भागने के चक्कर में टैंकर शिक्षक के ऊपर चढ़ा दिया। सिर पहिए के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल व कागजात के मदद से परिवार को सूचना दी। उधर, हादसे के बाद चालक टैंकर समेत फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शिक्षक रमाबाई चौकी के पास बने अवैध कट से मुड़ रहा था।
वाराणसी निवासी रिटायर्ड शिक्षक राजनाथ सिंह का इकलौता बेटा विनय कुमार सिंह (37) जानकीपुरम विस्तार में परिवार के साथ किराए पर रहता था। विनय आशियाना स्थित लखनऊ पब्लिक कॉलिजिएट में शिक्षक था, जबकि पत्नी नीतू भी सीएमएस गोमतीनगर में अध्यापक है।
भारी पड़ा अवैध कट से मुड़ना
रोज की तरह विनय पत्नी को गोमतीनगर उसके स्कूल छोड़ने के बाद शहीद पथ होते हुए अपने स्कूल जा रहा था। आशियाना में रमाबाई चौकी के पास बने अवैध कट से मुड़ते समय कानपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
नीचे गिरा विनय टैंकर में फंसकर घिसटने लगा। इससे घबराए टैंकर चालक ने रफ्तार बढ़ा दी, जिससे विनय का सिर पहिए के नीचे आ गया। हेलमेट पहने होने के बावजूद उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही परिवार को सूचना दी।