ट्रॉमा में छात्र की मौत के बाद लगी भीड़।
- फोटो : amar ujala
लखनऊ के मड़ियांव इलाके में तिलक समारोह में नशे में धुत युवक के हर्ष फायरिंग में तमंचे से निकली गोली ने एमबीए के छात्र बरेली के मोहल्ला मणिनाथ निवासी अंकुर सक्सेना (30) की जान ले ली। अंकुर अपने ममेरे भाई के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए मड़ियांव की प्रियदर्शनी कॉलोनी में मामा उमेश सक्सेना के घर आया था।
सीओ चौक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि तिलक चढ़ने के बाद अंकुर छत पर अन्य लोगों के साथ बातचीत कर रहा था। इस दौरान नशे में धुत युवक ने खुशी का इजहार करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। तमंचे से निकली गोली अंकुर के सीने में जा लगी। उसके घायल होकर गिरते ही हड़कंप मचा और समारोह में मातम छा गया। वहां मौजूद लोग उसे गाड़ी पर लादकर आननफानन में ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।
डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने पर एक युवक भागने लगा। हर्ष फायरिंग करने वाले को भागते देख परिवारीजनों ने उसे दबोचा और गाड़ी पर लादने लगे। गोली लगने से युवक की मौत और एक व्यक्ति को गाड़ी पर लादकर ले जाते देख किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम कॉल कर दी। इस पर चौक व वजीरगंज थाने की पुलिस आननफानन में मौके पर पहुंची। मड़ियांव पुलिस को वारदात की सूचना दी गई। थोड़ी देर बाद परिवारीजनों ने आरोपी को मड़ियांव थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया।
ट्रॉमा सेंटर में मौजूद परिवारीजनों ने बताया कि अंकुर के पिता दिनेश सक्सेना पीलीभीत में पुलिस हेडकांस्टेबल (प्रोन्नत वेतनमान) है। मामा उमेश सक्सेना पुलिस के रेडियो विभाग में कार्यरत हैं। मड़ियांव पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।