बहराइच के जरवल कस्बा निवासी एक युवक व युवती का निकाह रविवार शाम को होना था। शनिवार रात दोनों के परिवारीजनों के बीच हुए विवाद के बाद मामला चौकी में पहुंच गया। जिससे परेशान होकर युवक, युवती के घर आ धमका। केरोसिन छिड़क कर उसने युवती को जिंदा जलाने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे सीएचसी मुस्तफाबाद में भर्ती कराया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने युवती का बयान दर्ज कर लिया है। तहरीर नहीं मिलने के कारण केस नहीं दर्ज किया गया है।
जरवलरोड थाना अंतर्गत जरवल कस्बा के एक मोहल्ला निवासी 18 वर्षीय युवती का घर के सामने रहने वाले युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवती के परिवार वाले पुत्री की जिद के चलते शादी के लिए तैयार हो गए थे। लेकिन युवक के परिवार के लोग शादी नहीं करना चाहते थे।
इसी बात को लेकर विवाद भी चल रहा था। मामला जरवलरोड थाने में पहुंचा था। प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा ने दो दिन पूर्व दोनों पक्षों को बुलाकर सुलह समझौता कराया था। जिसमें रविवार को निकाह किए जाने पर सहमति बनी थी। शनिवार शाम युवती का भाई घर के बाहर निकला था।
जिस पर कहासुनी के बाद लड़के के परिवार वालों ने उसकी पिटाई कर दी। लड़की की मां से भी मारपीट की। जिस पर मां जरवल चौकी में मामले को लेकर पहुंच गई। इसी बात से नाराज होकर देर रात युवक युवती के घर पहुंच गया। उसके हाथ में केरोसिन का डिब्बा भी था।