गोमतीनगर में फन मॉल के पास रविवार सुबह चापड़ से ताबड़तोड़ वार करके गांव छोटी जुगौली निवासी विक्रम गौतम (33) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उस पर करीब 20 वार किए गए थे। उसकी लाश खुले मैदान में झाड़ियों और कूड़े के ढेर के पास पड़ी मिली।
पुलिस ने विक्रम के किरायेदार मिथुन कुमार धानुक को गिरफ्तार करके हत्याकांड का खुलासा भी कर दिया है। उन्नाव के बीघापुर बहुराजमऊ के निवासी मिथुन ने 20 हजार रुपये के विवाद में हत्या करना कुबूला है। मिथुन की निशानदेही पर पुलिस ने खून से सना चापड़ और कपड़े भी बरामद कर लिए।
विक्रम गौतम केटीएल के वनअप मोटर वर्कशॉप में कार मैकेनिक था। तड़के फन मॉल के पीछे खुले मैदान की तरफ गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटा तो पत्नी रेनू ने सास सुंदारा देवी को उसकी तलाश के लिए भेजा लेकिन उसका पता नहीं चला।
इसी बीच कूड़ा बिनने वाली लड़की ने फन मॉल के पीछे झाड़ियों के पास कूड़े के ढेर पर एक युवक की लहूलुहान लाश पड़ी होने की सूचना दी। इसके बाद गांव वालों ने विक्रम के रूप में उसकी शिनाख्त की। कत्ल की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच, सर्विलांस सेल और डॉग स्कवॉयड की मदद से मामले की जांच पड़ताल शुरू की गई।
पानी में उतराई खून से सनी शर्ट से मिथुन तक पहुंची पुलिस
हत्या करने के बाद मिथुन ने खून से सनी शर्ट और चापड़ को कारीब में ही तालाब में फेंक दिया। इसके बाद वह कपड़े बदलकर घर पहुंच गया। वहां पर नहाने के बाद परिवारवालों के साथ मिलकर ही वह खुद भी विक्रम की तलाश करने लगा। इसी बीच गांव वालों ने तालाब में उतराती हुई खून से सनी शर्ट देख ली।
सूचना पर पुलिस भी वहां पहुंची। इसी शर्ट के जरिये पुलिस ने मिथुन को पकड़ा। पूछताछ में उसने चापड़ से हत्या करने की बात कुबूल ली। बताया कि तीन महीने पहले विक्रम ने उससे पहले 20 हजार रुपये उधार लिए थे। इसे उसने जल्द ही लौटाने का वादा किया था। बाद में वह रुपये लौटाने में आनाकानी करने लगा।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था। मिथुन ने बताया कि वह दो दिन पहले गांव गया था। वहीं से चापड़ खरीदकर लाया। सुबह जैसे ही विक्रम मैदान की तरफ गया। वह भी पीछे-पीछे वहां पहुंच गया और पीछे से चापड़ से हमला कर दिया।
चंद घंटे में हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम होगी पुरस्कृत
हत्या को लेकर एएसपी क्राइम ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी, साइबर क्राइम के इंस्पेक्टर भगवान सिंह, एसओ गोमतीनगर श्याम बाबू शुक्ला के साथ 19 पुलिस कर्मियों की टीम को जांच पड़ताल में लगाया गया।
पुलिस टीम ने चंद घंटे में ही इस हत्याकांड का खुलासा करने के साथ-साथ कत्ल के आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके लिए एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।