आईपीएल मैच में सट्टेबाजी का खुलासा करते हुए एसटीएफ ने शनिवार देर रात गोमतीनगर के खरगापुर स्थित कैलाशपुरी कॉलोनी निवासी संजय मिश्रा उर्फ ‘किंग’ को दबोच लिया।
संजय ने कानपुर के ग्रीनपार्क में मुंबई इंडियंस की जीत पर लोगों के करोड़ों रुपये दांव पर लगाए थे। एसटीएफ ने संजय के घर से साढ़े बारह लाख रुपये नकद और 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसटीएफ के एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि सट्टेबाजी की जानकारी मिलते ही एएसपी शाहाब रशीद खान की टीम को लगाया गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे खरगापुर स्थित संजय के घर पर दबिश देकर इस रैकेट का खुलासा किया।
देर रात संजय के सहयोगियों की तलाश में एसटीएफ और पुलिस की टीमें राजधानी के कई ठिकानों में दबिश दे रही थी। हालांकि, संजय के पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही रैकेट से जुड़े लोगों ने फोन बंद कर दिए और अपने ठिकानों से गायब हो गए।
पंजाब से वनवे फोन लाइन पर लेता था रेट
आरोपी संजय
- फोटो : amar ujala
एएसपी शाहाब रशीद खान ने बताया कि संजय मिश्रा के पास एक सीडीएमए फोन है जो 121 नंबर मिलाते ही सीधे पंजाब से कनेक्ट हो जाता है। इस फोन पर सिर्फ कॉल आने की सुविधा है। कॉल कनेक्ट होते ही रेट की जानकारी मिलने लगती है।
टीम की हार-जीत, दस ओवर के एक सेशन पर बनने वाले रन से लेकर खिलाड़ियों की परफार्मेंस, सेंचुरी व हॉफ सेंचुरी, विकेट, हैटट्रिक और चौकों-छक्कों तक के अलग-अलग रेट तय थे।
एसटीएफ ने पूछताछ की तो संजय ने बताया कि मुख्य सट्टेबाज पंजाब में हैं जिनसे फोन लाइन के जरिए ही रेट मिलते हैं। पंजाब में बैठे लोग अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े हैं। कई देशों में क्रिकेट व अन्य खेलों में सट्टेबाजी वैध है। वहीं से रेट लेकर भारत में दांव लगाया जाता है।
पंजाब से सट्टे का नेटवर्क संचालित कर रहे लोग कौन हैं? कहां रहते हैं? इस बारे में संजय कुछ नहीं बता सका। एएसपी ने कहा कि सट्टे का रेट साधारण फोन नंबर पर नहीं इंटरनेट कॉलिंग के जरिए दिया जा रहा था।
पांच बड़े बुकी में एक ‘किंग’ पहले भी हुआ गिरफ्तार
पैसे व मोबाइल फोन हुए बरामद
- फोटो : amar ujala
एएसपी ने बताया कि संजय मिश्रा उर्फ ‘किंग’ राजधानी के पांच बड़े बुकी में से एक है। दो साल पहले भी उसे सट्टा लगाने में पकड़ा गया था। जेल से छूटने के बाद वह फिर से सट्टा खिलवाने लगा। इन पांच बुकी के नीचे कई चैनल हैं जो सट्टा खिलवाते हैं। सटोरियों का नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर का है।
अंगूठाछाप ने सट्टे की रकम से बनाया आलीशान मकान
सट्टे के धंधे ने अंगूठाछाप संजय को फकीर से करोड़पति बना दिया। एसटीएफ की टीम उसके आलीशान घर पहुंची तो दंग रह गई। जमीन और दीवारों पर कीमती टाइल्स लगे थे।
घर में विदेश से मंगाया गया शानदार फ्रिज और लाखों रुपये कीमत का टीवी रखा था। पोर्टिको में इनोवा कार का टॉप मॉडल खड़ा था।
एएसपी ने बताया कि यहां संजय पढ़ा-लिखा नहीं है। अपने धंधे से संबंधित कुछ ही शब्द लिख पाता है। घर पर उसकी मां, पत्नी व दो बच्चे रहते हैं।