बहराइच में लव जिहाद का एकमामला सामने आया है। आरोप है कि मुस्लिम युवक ने युवती से अपने को हिंदू बता झांसा देकर विवाह कर लिया। जब वह ससुराल पहुंची तो मामला खुलकर सामने आया। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसे नशीली दवा देकर उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाया और जब होश आया तो मारा पीटा। किसी तरह वह उसके चंगुल से छूटकर थाने पहुंची और आरोपी पति के खिलाफ लव जिहाद समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के सरकाही गांव निवासी शहंशाह ने महराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र निवासी एक युवती से फोन पर जान पहचान बनाने के बाद युवक ने प्यार का झांसा देकर अपने चंगुल में फंसाया। युवती का आरोप है कि फोन पर बात करने के दौरान युवक ने अपने को हिंदू धर्म का और जाति से ब्राह्मण होना बताया।
प्रेम परवान चढ़ने पर दोनों ने शादी कर ली। युवती का आरोप है कि जब वह ससुराल पहुंची तो पता चला कि लड़का मुस्लिम है। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी पति ने नशीली दवा खिलाकर उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाया। आरोप है कि होश में आने के बाद युवती की पिटायी कर चुप रहने को कहा गया। किसी तरह पीड़िता उनके चंगुल से निकल कर थाने पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई।
एएसपी नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर पर धर्म परिवर्तन समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। मामला थाने पर आने के बाद दोनों सुलह भी कर चुके है। इस बार युवती ने नया आरोप लगाया है। जांच की जा रही है।
कार्यपालक मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता ने अपने पति के साथ जाने की बात कही है। चूंकि इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज हो चुका है। न्यायालय में पीड़िता का 164 का बयान कराया जाएगा। जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर मुकदमे में आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टि में लव जिहाद का मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी नगर, बहराइच