खुद को भारतीय खुफिया एजेंसी ‘रिसर्च एंड एनालिसिस विंग’ (रॉ) का अफसर बताकर नौकरी और असलहे का लाइसेंस दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले राजदेव दास को शुक्रवार दोपहर साइबर सेल की टीम ने दबोच लिया।
राजदेव खुद को रॉ की डिवीजन नेशनल टेक्निकल रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (एनटीआरओ) में उत्तर भारत का सहायक क्षेत्रीय प्रमुख बताता था। मूलरूप से कोलकाता के बालीगंज का रहने वाला राजदेव जनवरी से विभूतिखंड के रोहतास प्लूमोरिया अपार्टमेंट के बी ब्लॉक में फ्लैट नंबर 1001 में अपना अड्डा बना रखा था।
राजदेव की शातिराना करतूतें
नीली बत्ती लगी कारों से चलता था
राजदेव नीली बत्ती लगी कार से चलता था। उसके पास से नीली बत्ती लगी दो कारें बरामद हुई हैं। यही नहीं उसके पास से नीली बत्ती लगाने का अधिकार पत्र भी मिला जिस पर प्रमुख सचिव कुंवर अरविंद सिंह देव के हस्ताक्षर थे। जांच में इसे फर्जी पाया गया।
एनटीरओ का फर्जी परिचय पत्र
राजदेव के पास नेशनल टेक्निकल रिसर्च आर्गनाइजेशन के पांच फर्जी परिचय पत्र बरामद हुए। पूछताछ में उसने कुबूला कि उसने खुद अपने कम्प्यूटर से जाली दस्तावेज और परिचय पत्र बनाए।
गौरतलब है कि एनटीआरओ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के अधीन एक तकनीकी शाखा है जो सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय को रिपोर्ट करती है। इस शाखा का काम है भारतीय सेटेलाइट के जरिए देश की निगहबानी करना। उसके पास हूबहू पिस्टल जैसी दिखने वाली एक खिलौना पिस्टल भी उससे बरामद हुई।
ठगी का ऐसे चलता था खेल
एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि राजदेव भाभा से नासा तक अपनी पहचान बताता था। उसने देश की सुरक्षा एजेंसियों में भी अपनी पहचान बताते हुए कई परिचितों और करीबियों को नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।
नए आईफोन दुकानदार को आधी कीमत पर बेचा, भरोसा जमते ही ऐंठ लिए आठ लाख
राजदेव ने श्रीराम टॉवर में मोबाइल फोन के दुकानदार वीरपाल भाटिया को नए आईफोन लगभग आधी कीमत पर बेचे। वीरपाल को सस्ते मोबाइल मिले तो उसने राजदेव से दोस्ती बढ़ाई। राजदेव ने उसे मोबाइल फोन के अलावा लैपटॉप भी बेचे। राजदेव अक्सर उसे मोबाइल और लैपटॉप खरीदने के लिए एडवांस में रुपये देने लगा। एक बार वीरपाल ने माल मंगाने के लिए राजदेव को आठ लाख रुपये दिए जिसे वह डकार गया।
रिवॉल्वर-पिस्टल दिलाने के नाम पर कइयों को ठगा
राजदेव ने बोलेरो कार के ड्राइवर निगोहां के उतरावां निवासी इसरार अली को लाइसेंसी रिवॉल्वर दिलाने के नाम पर 90,000 रुपये ठग लिए।
मोहनलालगंज के कनकहा निवासी ताज मोहम्मद से रिवॉल्वर के लिए 90,000 रुपये और मो. शमीम से पिस्टल दिलाने के लिए 1,25,000 रुपये वसूले। सीओ हजरतगंज अशोक कुमार वर्मा का कहना है कि राजदेव ने कई और लोगों को भी ठगा है।
यूं आया पकड़ में
शुक्रवार को वीरपाल ने उसे बहाने से अपनी दुकान पर बुलाया। साइबर सेल की मदद से उसे गिरफ्तार करा दिया।