सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने मुजेहना, सीएचसी पर नवजात के जंगली जानवर काटे जाने की घटना को निंदा की। उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं को शर्मनाक व असुरक्षित बताया। सपा प्रमुख ने निर्देश पर एक प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर सहायता राशि सौंपी। सपा के पूर्व एमएलसी राजेश यादव राजू व सपा नेता सूरज सिंह की अगुवाई में प्रतिनिधि मंडल ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर दुख जताया, तथा परिजनों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि सौंपी।
सीडीओ व सीएमओ की अगुवाई में टीम कर रही जांच
जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार ने सीडीओ व सीएमओ के अगुवाई में टीम गठित कर जांच का निर्देश दिया। सुबह ही सीडीओ गौरव कुमार, सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा सहित आधा दर्जन अधिकारियों ने सीएचसी पर पहुंचकर छानबीन करनी शुुरू कर दी। डिप्टी सीएमओ डॉ. टीपी जायसवाल, एसीएमओ आदित्य वर्मा, डीसी मनरेगा संतकुमार, कार्यक्रम अधिकारी ओपी यादव सीएचसी पर पहुंचकर अधीक्षक, स्वास्थ्यकर्मियों व अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों व तीमारदारों के बयान लिए।
डिप्टी सीएम ने जांच करवाकर कार्रवाई के दिए निर्देश
मुजेहना सीएचसी का मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल खबर को संज्ञान में लेते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने तत्काल प्रभाव से सीएमओ को घटना स्थल पर पहुंचने तथा डीएम को मामले की जांच करवाकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सीएचसी पर नवजात के जंगली जानवर के नोचे जाने का मामला प्रथम दृष्टया गंभीर लग रहा है। पूरे मामले की जांच के लिए सीडीओ व सीएमओ की अगुवाई में टीम गठित कर दी गई है। जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. उज्जवल कुमार, डीएम
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गोंडा के मुजेहना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नवजात की मौत के मामले में जांच के आदेश दिए हैं। उप मुख्यमंत्री ने सीएमओ से 24 घंटे में जांच रिपोर्ट देने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।गोंडा के सीएचसी में नवजात शिशु का मुंह किसी जानवर केखाने के आरोप लगने के मामले को उप मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने गोंडा सीएमओ को खुद घटनास्थल पर पहुंच कर जांच करने, परिजनों से बात करने और पूरी रिपोर्ट से अवगत कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि पूरे प्रकारण में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके बख्शा नहीं जाएगा।