कृष्णानगर इलाके में इकतरफा प्यार के चलते शुक्रवार शाम छात्रा पर चाकू से हमला करके फरार सिरफिरे युवक ने शनिवार रात गोमती में कूदकर जान दे दी। इससे पहले गोमतीनगर इलाके में शहीद पथ के किनारे बाइक खड़ी करके हाथ की नस काटी और पुल की रेलिंग पर सुसाइड नोट के साथ मोबाइल नंबर लिखा।
छह किमी दूर चिनहट इलाके में रविवार शाम उसका शव मिला। परिवारीजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
एसओ गोमतीनगर श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि गोमतीनगर विस्तार में शहीद पथ के किनारे बाइक लावारिस खड़ी देख एक व्यक्ति ने रविवार सुबह 5:57 बजे पुलिस कंट्रोल रूम फोन किया। चौकी इंचार्ज संतोष कुमार मौके पर पहुंचे। बाइक के नंबर के आधार पर तहकीकात की।
पता चला कि बाइक आलमबाग के चंदरनगर निवासी आरसी कनौजिया की पत्नी ज्योति के नाम रजिस्टर्ड है। इस बीच पुल की रेलिंग पर खून से लिखा नजर आया ‘मैं जान दे रहा हूं-सूरज’ इसके साथ एक मोबाइल नंबर लिखा था। कॉल करने पर कृष्णानगर के आजादनगर निवासी सविता से बात हुई।
पता चला कि उसके भाई सूरज ने बुधवार शाम मोहल्ले में रहने वाली छात्रा अर्चना उर्फ पूनम नामक छात्रा को चाकू मारकर घायल कर दिया था। छात्रा के पिता सुभाष खरवार ने कातिलाना हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसके बाद से सूरज फरार था। उसके गोमती में कूदने की सूचना पर सविता अपने दूसरे भाई संजय, मां सियादुलारी व परिवार के अन्य लोगों के साथ शहीद पथ पर पहुंची।
हंगामे पर लिखी गुमशुदगी
शहीद पथ के किनारे खड़ी बाइक के टूल बॉक्स में सूरज के दो मोबाइल, कुछ दूर पॉलीथिन में लिपटी पड़ी बाइक की चाभी, पुल की रेलिंग पर सुसाइड नोट देखने के बाद परिवारीजनों ने युवती के परिवारीजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू किया।
पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सूरज की गोमती में तलाश शुरू कराई। दो घंटे तक कोई नतीजा न निकलने पर परिवारीजनों ने कार्रवाई की मांग शुरू की।
मौके पर मौजूद एसओ कृष्णानगर विजय कुमार यादव ने सूरज की मां सियादुलारी की तरफ से गुमशुदगी दर्ज करके तहकीकात शुरू कराई।
वहीं संजय परिवार के कुछ लोगों के साथ गोमती के किनारे पैदल चलकर सूरज को तलाश करते चिनहट की तरफ बढ़ा। करीब छह किमी दूर लोनापुर में सूरज का शव उतराता नजर आया। उसने पुलिस को फोन किया।
सीओ की फटकार पर पुलिस ने लिया एक्शन
भाई का शव गोमती में उतराता नजर आने पर संजय कनौजिया ने पुलिस को फोन किया। काफी देर तक पुलिस नहीं पहुंची। इस बीच शहीद पथ के किनारे गोताखोरों से गोमती में शव की तलाश करा रहे एसओ कृष्णानगर विजय यादव शव मिलने की भनक लगते ही खिसक लिए।
लोनापुर में पुलिस के न पहुंचने पर संजय ने सीओ गोमतीनगर सत्यसेन यादव को कॉल करके शिकायत की। सीओ की कड़ी फटकार पर गोमतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
इकतरफा प्यार में दी जान
एसओ कृष्णानगर विजय कुमार यादव का कहना है कि फैजाबाद विश्वविद्यालय से बीए का फार्म भरने वाला सूरज कनौजिया कंप्यूटर कोचिंग करता था। वहीं मोहल्ले की अर्चना से पहचान हुई। वह इकतरफा प्यार कर बैठा। करीब तीन महीने से अर्चना से नजदीकी बनाने के प्रयास में था।
इसके चलते उसने बुधवार शाम कोचिंग से लौट रही अर्चना को रोका। विरोध जताने पर चाकू से हमला करके उसे घायल किया और फरार हो गया। जेल जाने के डर और आत्मग्लानि के चलते उसने सोच समझकर खुदकुशी कर ली। परिवारीजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने पर सूरज के मोबाइल के कॉल डिटेल चेक कराए जा रहे हैं।
दुबई में रहता है पिता
एसओ विजय कुमार यादव ने बताया कि सूरज का पिता रामसुमेर कनौजिया दुबई में रहकर लांड्री का काम करता है। उसकी पत्नी सियादुलारी अपने बच्चों के साथ आजादनगर में रहती है।